मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट 7 ने एक बेहद पेचीदा और पुराने मामले का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने सिंधुदुर्ग जिले के कुडाळ में पांच साल पहले हुई एक हत्या के मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है. आरोपियों ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या करने के बाद सबूत मिटाने के लिए उसके शव और मोटरसाइकिल को फोंडा घाट की गहरी खाई में फेंक दिया था, ताकि यह पूरा मामला एक साधारण सड़क दुर्घटना लगे.
गुप्त सूचना के आधार पर खुला राज
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान सोलापुर जिले के माळशिरस निवासी अशपाक मुलाणी उर्फ निहाल के रूप में हुई है. शुरुआती दौर में इस मामले को एक सड़क हादसा मानकर दर्ज किया गया था. लेकिन हाल ही में मुंबई क्राइम ब्रांच को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर इस मामले की दोबारा नए सिरे से जांच शुरू की गई, जिसके बाद सच सामने आ गया.
पैसों के विवाद में हुई थी हत्या
शुरुआत में तो आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, मगर कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उन्होंने बताया कि पैसों के लेनदेन को लेकर उनका अशपाक मुलाणी उर्फ निहाल के साथ विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते उन्होंने अशपाक को सिंधुदुर्ग के कुडाळ स्थित एक होटल में बुलाया था. वहां देर रात सभी ने मिलकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद मामले को एक्सीडेंट का रूप देने के लिए शव और बाइक को फोंडा घाट की खाई में डाल दिया था.
इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुरेश चंद्रहास सोनावडेकर, मनोज नारायण भंडगे, अतिश भगवान मोरे और ऋतुराज शेट्टी के रूप में हुई है. यह मामला मूल रूप से सिंधुदुर्ग के कणकवली पुलिस स्टेशन में दर्ज था, इसलिए आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गिरफ्तार चारों आरोपियों को कणकवली पुलिस के हवाले कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें- ₹370 बिरयानी विवाद में महाराष्ट्र पुलिस ने कसा शिकंजा, कॉमेडियन प्रणीत मोरे, हिमांशु और डॉ सेजल पर FIR
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं