- मुंबई के पवई में एयर होस्टेस के साथ रेप का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है
- एक भिखारी ने ट्रांसजेंडर का भेष बनाकर घर में घुसकर महिला के साथ रेप किया
- साड़ी पहने शख्स ने बुरी नजर उतारने का झांसा दिया और उसके घर में घुस गया
मुंबई के पवई में रेप का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक भिखारी ट्रांसजेंडर का भेष बनाकर एक एयर होस्टेस के घर में घुसा. उसने महिला को आशीर्वाद देने और नजर उतारने का झांसा दिया और उसके साथ रेप किया. पलिस ने इस घटना के चार घंटे के भीतर आरोपी को धर दबोचा. आरोपी की पहचान 28 साल के अनिल शेषराव शिंदे के तौर पर हुई है. आरोप है कि उसने साड़ी पहनकर ट्रांसजेंडर होने का नाटक किया.
पानी छिड़का और उसके सिर पर हाथ रखा
घटना 18 अगस्त दोपहर करीब 12:20 बजे की है. सुरक्षा गार्ड को भरोसे में लेकर वह बिल्डिंग में घुस गया. उसने कई गेट खटखटाए. एयर होस्टेस ने गेट खोला तो उसने उसे बुरी नजर से बचाने का झांसा दिया, जिससे अस्पताल में भर्ती उसके पति ठीक हो जाएंगे. महिला उसके झांसे में आ गई और उसे घर के भीतर आने दिया. खबर के मुताबिक, आरोपी ने महिला के मुंह पर पानी छिड़का और उसके सिर पर हाथ रखा. डर की वजह से महिला जैसे ही अपने बेडरूम में घुसी तो आरोपी भी अंदर घुस गया. उसने धमकी देकर पीड़िता का यौन उत्पीड़न किया.आरोपी के खिलाफ पवई पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है.
साड़ी पहने भागता आरोपी CCTV में कैद
पीड़त महिला ने रात को करीब 11 बजे पुलिस से संपर्क कर FIR दर्ज कराई. जिसके बाद पुलिस की टीम ने उसे पकड़ने के लिए इलाके में लगे CCTV खंगाले. फुटेज में आरोपी साड़ी पहने ऑटो-रिक्शा से भागकर ठाणे के कलवा इलाके के खरेगांव की एक झुग्गी बस्ती में भागता देखा गया. CCTV एनालिसिस और टेक्निकल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस साड़ी पहने उस संदिग्ध का पता लगाने में कामयाब रही.पुलिस ने पहले ऑटो ड्राइवर का पता लगाया. फिर उससे आरोपी को उतारने की जानकारी ली. जिसके बाद पुलिस ने उसे कलवा से धर दबोचा.
भिखारी ने किया ट्रांसजेंडर होने का नाटक
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी असल में कोई ट्रांसजेंडर नहीं था. वह ट्रांसजेंडर होने का नाटक करता है. वह साड़ी पहनकर ट्रांसजेंडर का भेष बनाकर भीख मांगने का काम करता है. उस पर रेप और धमकी देने समेत कई आरोप लगाए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, अनिल शिंदे पर काले जादू से संबंधित अतिरिक्त धाराएं भी लगाई जा सकती हैं. मामले की फिलहाल जांच चल रही है.
मुंबई पुलिस की लोगों से अपील
इस घटना के बाद मुंबई पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी कर लोगों से सतर्क रहने, अनजान लोगों या भेष बदलकर भीख मांगने वालों को घर में न आने देने की सलाह दी है. साथ ही कहा है कि अगर कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत 100 या 112 नंबर पर कॉल करें.
ये भी पढे़ं-एक लड़की के दो आशिक, दोनों हिस्ट्रीशीटर; नागपुर में जेल से छूटे बदमाश की दोस्तों ने चाकू मारकर कर दी हत्या
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं