- ट्रंप ने दुबई-तेल अवीव फ्लाइट घटना की सुनाई पूरी कहानी
- ट्रंप बोले- घायल होने के बावजूद पायलट ने दिखाई बहादुरी
- भारतीय पायलट की बहादुरी की दुनिया भर में चर्चा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने फ्लाईदुबई (Flydubai) की दुबई-तेल अवीव फ्लाइट से जुड़े घटनाक्रम का जिक्र करते हुए भारतीय पायलट स्मित मच्छार की जमकर तारीफ की है. ट्रंप के अनुसार उड़ान के दौरान सह-पायलट (Co Pilot) ने कथित तौर पर पायलट पर हमला किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद पायलट ने मदद मांगकर स्थिति को संभालने में अहम भूमिका निभाई. ट्रंप ने यह भी दावा किया कि एक यात्री और अन्य लोगों की मदद से सह-पायलट को काबू किया गया. विमान बाद में सुरक्षित रूप से सऊदी अरब में उतरा.
ट्रंप ने सुनाया पूरी घटना का विवरण
न्यूज एजेंसी एएनआई (ANI) के अनुसार ओवल ऑफिस में बातचीत के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि 'ट्रंप ने बताया कि उन्होंने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से इस घटना पर बात की. नेतन्याहू ने उन्हें बताया कि एक प्लंबर, जिसने कभी विमान नहीं उड़ाया था, उसने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. बाद में यह विमान सऊदी अरब में उतरा.'
#WATCH | US President Donald Trump says, "I spoke to Benjamin Netanyahu about this incident... It seems as though the co-pilot was perhaps a terrorist or perhaps a whack job, and he stabbed the pilot... The pilot was in very bad shape... But in a way, he was a hero to open the… https://t.co/BtPf9V0O5A pic.twitter.com/k8Yiy4Ftge
— ANI (@ANI) September 30, 2026
भारतीय पायलट की हो रही सराहना
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबकि विमान को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाने वाले पायलट की पहचान भारतीय नागरिक स्मित मच्छार के रूप में हुई है. ट्रंप और नेतन्याहू समेत कई लोगों ने उनके साहस की प्रशंसा की है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि घायल होने के बावजूद पायलट ने संयम नहीं खोया और उनकी सूझबूझ ने स्थिति को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. जहां ट्रंप ने स्मित को हीरो बताया वहीं नेतन्याहू ने उन्हें 'सैल्यूट' किया.
ट्रंप के अनुसार, पायलट ने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोला और मदद के लिए चिल्लाया.
यात्री ने भी निभाई अहम भूमिका
इसके बाद ट्रंप ने एक इजरायली यात्री की भूमिका का जिक्र किया, जिसे उन्होंने एक प्लंबर बताया. उन्होंने इस हस्तक्षेप को 'अद्भुत' बताया. ट्रंप ने कहा कि वह यात्री, जिसने कभी विमान नहीं उड़ाया था, वह कॉकपिट में पहुंचा, को-पायलट को उसकी सीट से खींचकर बाहर निकाला और पीछे फेंक दिया. इसके बाद अन्य यात्रियों ने मिलकर उसे काबू कर लिया.
टीवी शो से मिली थी जानकारी
ट्रंप के मुताबिक उस यात्री ने बाद में बताया कि उसने विमान उड़ाने से जुड़ी कुछ मूलभूत बातें टीवी कार्यक्रम 'एयर डिजास्टर्स' देखकर सीखे थे. राष्ट्रपति ने कहा कि यात्री ने बताया कि वह यह कार्यक्रम अक्सर देखता था और वहीं से उसे कुछ जरूरी जानकारी मिली थी.
बाद में पहुंचे अन्य पायलट और सुरक्षा कर्मी
ट्रंप ने बताया कि विमान के पिछले हिस्से में मौजूद अतिरिक्त पायलट और सुरक्षा कर्मी भी बाद में कॉकपिट तक पहुंचे. इसके बाद विमान की स्थिति पर नियंत्रण स्थापित किया गया और उड़ान को सुरक्षित रूप से आगे बढ़ाया गया. अंततः विमान सऊदी अरब में सुरक्षित उतारा गया.
ट्रंप ने बरती सावधानी
हालांकि ट्रंप ने यह भी कहा कि वह केवल वही जानकारी साझा कर रहे हैं जो उन्हें बताई गई है. उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि घटना के सभी विवरण पूरी तरह सत्यापित हैं या नहीं, लेकिन उन्हें यही जानकारी इजरायल के प्रधानमंत्री और अन्य शुरुआती सूत्रों से मिली है.
यह भी पढ़ें : मैं भारतीय पायलट को सैल्यूट करता हूं, उनकी दिलेरी के कारण ही 174 जिंदगियां बच सकीं: बेंजामिन नेतन्याहू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं