विज्ञापन

पुणे समेत महाराष्ट्र के 2 शहरों में जहरीली शराब का कहर, 18 की मौत, पुलिस ने सप्लायर्स को किया गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में अब जहरीली शराब से लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है. इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है, जो पूरे इलाके में जहरीली शराब की सप्लाई करता था.

पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में लोगों की मौतों हड़कंप (प्रतीकात्मक तस्वीर).

महाराष्ट्र के पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ शहर में मृतकों की संख्या 18 हो गई है और पुलिस ने भी अब 7 लोगों की मौत जहरीली शराब की वजह से होना स्वीकार कर लिया है, क्योंकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में इनकी पुष्टि हो चुकी है. वहीं, बाकी की रिपोर्ट आना बाकी है. लेकिन इससे अब पुलिस की कार्यवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि पुलिस अभी तक इन मौतों को प्राकृतिक बता रही थी. सिर्फ पिंपरी-चिंचवड़ में 13 लोगों की जान जा चुकी है. इस मामले में पुलिस ने भी अब गैर-इरादतन हत्या, जानलेवा शराब बेचने की धाराओं के तहत FIR दर्ज की है और 8 लोगों को हिरासत में लिया है.

पुलिस का कहना है कि शराब में जानलेवा मिथेनॉल मिलाया गया था. पुलिस ने 8 पीड़ित परिवारों के भी बयान लिए हैं, जिनके बयानों को जांच का मुख्य आधार बनाया जाएगा.

योगेश वानखेड़े था मुख्य सप्लायर

जहरीली शराब कांड के आरोपी योगेश वानखेड़े के पुणे के दापोडी थाने मामला दर्ज किया गया है, जिस पर अवैध और जहरीली शराब सप्लाई करने का आरोप है. राज्य आबकारी विभाग के पुलिस अधीक्षक अतुल कानडे ने बताया कि आरोपी योगेश वानखेड़े ने शराब में जहरीला केमिकल मिथेनॉल मिलाया था, जिसके कारण इतनी बड़ी संख्या में लोगों की जान गई.

पुणे और पिंपरी दोनों जगह सप्लाई

आरोपी योगेश वानखेड़े ही पुणे के हडपसर और पिंपरी-चिंचवड़ शहर के फुगेवाडी इलाके में इस जहरीली शराब को बांटने का काम मुख्य रूप से कर रहा था. जहरीली शराब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है.

3 ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई, आरोपियों की तलाश

आबकारी विभाग ने इस मामले में अब तक 3 अलग-अलग ठिकानों पर छापामारी और कार्रवाई की है. मामले में एक और फरार आरोपी कर्नल सिंह विरखा की तलाश तेज हो गई है, जो अवैध शराब के धंधे/भट्टी (दारू गुत्ता) का मालिक है. जांच में पता चला है कि मामले में एक आरोपी बनाए गए विकास सिंह इस पूरे इलाके में अवैध शराब बेचने का काम करता था, जिसे योगेश से सप्लाई मिलती थी. वह जिस घर में रहता था, उसी घर से वह यह अवैध और धंधा चला रहा था.

जानकारी के अनुसार, जिन लोगों की इस त्रासदी में मौत हुई है, उन सभी ने विकास सिंह के इसी घर/ठिकाने पर आकर वह जहरीली शराब पी थी. पुलिस ने इस नए ठिकाने को सील कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

एक दिन में हुई थी 7 की मौत, कई दिन से चल रहा सिलसिला

बता दें कि पुणे-मुंबई हाईवे पर स्थित पिंपरी-चिंचवड़ के फुगेवाड़ी गांव में एक ही दिन में 7 लोगों की मौत हुई थी. इसके बाद यह आंकड़ा बढ़ता गया और अब तक 13 लोगों की जान जा चुकी है. पुणे में भी 5 लोगों की मौत हो गई है. इससे पहले पुलिस इन मौतों को प्राकृतिक बता रही थी, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में 7 लोगों की मौत जहरीली शराब की वजह सामने आई है. बाकी की रिपोर्ट का अभी पुलिस इंतजार कर रही है.

लोग लगा रहे गंभीर आरोप

फुगेवाड़ी इलाके में अवैध हाथभट्टी और देसी शराब के अड्डे धड़ल्ले से चलने के कारण स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है और दबी जुबान में चर्चा है कि ये मौतें जहरीली शराब के कारण हुई हैं, लेकिन दापोडी पुलिस ने इसे अफवाह बताया है. शुरुआती जांच के बाद दावा किया है कि ये सभी मौतें अलग-अलग और स्वतंत्र कारणों से हुई हैं.

पुलिस ने अब 7 लोगों की मौत शराब की वजह से स्वीकारी

हालांकि, पुलिस उपायुक्त संदीप आटोळे ने लंबे समय बाद पिंपरी चिंचवड़ शहर में जहरीली शराब पीने से सात लोगों की मौत होने की बात अब स्वीकार की है. कल तक पुलिस इन मौतों को प्राकृतिक बता रही थी. ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली और जांच पर सवाल खड़े हो रहे हैं. पिंपरी चिंचवड़ में जहरीली शराब पीने से सात नागरिकों की मौत हुई है, जबकि तीन लोगों का अब भी इलाज जारी है.

सीएम ने कड़ी कार्रवाई का दिया आदेश

पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सख्त हो गए हैं. उन्होंने गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नरों को कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं. मुख्यमंत्री दोनों शहरों के पुलिस मुखिया को मामले की तह तक जाने और इसमें शामिल किसी भी दोषी को न छोड़ने का निर्देश दिया है.

पुणे और पिंपरी-चिंचवड़, दोनों शहरों की पुलिस टीमें अब आपस में तालमेल बनाकर इस पूरे नेटवर्क की संयुक्त जांच कर रही हैं. राज्य आबकारी विभाग (State Excise Department) भी पुलिस के साथ इस पूरी तफ्तीश में शामिल है. शराब माफियाओं और अवैध ठिकानों पर दोनों पुलिस बलों द्वारा ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है.

लेखक के बारे में
img
सुजाता द्विवेदी
Correspondent, News Input
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pune People Death, Pimpri Chinchwad Death, Pimpri Chinchwad News, Maharashtra Hindi News, Toxic Liquor Death
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com