विज्ञापन

4 हजार करोड़ की दौलत वाले भाजपा विधायक को दिन भर भीख मांगने पर मिले 84 रुपये, बताया क्या सीख मिली

विधायक ने कहा कि हम भागदौड़ भरी जिंदगी में भूल जाते हैं कि वास्तव में इंसान क्या है. उन्होंने कहा कि अकसर हम लोगों को उनकी दौलत, पद और प्रतिष्ठा के अनुसार चीजों को समझते हैं.

  • महाराष्ट्र के विधायक पराग शाह ने अपने जैन गुरु की सलाह पर एक दिन के लिए भिखारी बनकर सड़कों पर भीख मांगी
  • उन्होंने चार घंटे में कुल चौरासी रुपये भीख के रूप में प्राप्त किए और अपने अनुभव साझा किए
  • पराग शाह ने बताया कि भिखारी बनकर उन्हें अपनी जाति और धर्म से परे एक साधारण मनुष्य होने का एहसास हुआ
मुंबई:

महाराष्ट्र के सबसे रईस विधायक पराग शाह एक दिन के लिए भिखारी बने थे और मुंबई की सड़कों पर घूमे थे. इस दौरान उन्होंने लोगों से भीख भी मांगी और उनके हाथ में लोगों ने कुल 84 रुपये थमाये. इस बारे में पराग शाह ने खुद जानकारी दी है. उन्होंने बताया था कि उनके जैन गुरु ने एक दिन के लिए भिखारी बनने की सलाह दी थी और उसके बाद ही ऐसा फैसला लिया था. पराग शाह का कहना है कि मैंने 4 घंटे तक मुंबई की सड़कों पर भीख मांगी और इस दौरान लोगों ने मुझे कुल 84 रुपये दिए. उन्होंने इस दौरान के अपने अनुभव के बारे में भी बताया है. पराग शाह ने कहा कि भिखारी बनकर घूमने के दौरान मुझे अनुभव हुआ कि मैं सिर्फ एक साधारण मनुष्य हूं. मेरी कोई जाति या धर्म नहीं है. बता दें कि भाजपा विधायक करीब 4 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं.

उन्होंने बताया, 'मैं घर से गया और रेलवे स्टेशन पर बैठ गया. इस दौरान पुलिस मुझे संदेह की नजर से देख रही थी. एक महिला ने मुझे किचन में इस्तेमाल होने वाला सामान दिया. इसे मैंने एक पुलिस अधिकारी को दे दिया. इसके बाद शाम को मैं वही आइटम पराग शाह के रूप में लेने गया.' उन्होंने कहा कि मेरे गुरुदेव श्री नम्रमुनि महाराज के कहने पर मैंने एक दिन के लिए भिखारी बनना तय किया. इस अनुभव ने मुझे जिंदगी की कई महत्वपूर्ण सीख दी हैं. इस दौरान उन्होंने लोगों के बर्ताव के बारे में भी बताया. 

उनका कहना था, 'कुछ लोगों ने मुझे झिड़क दिया. कुछ लोगों ने नजरअंदाज किया. वहीं कुछ लोगों ने मेरे बारे में कुछ जाने बिना ही मदद का हाथ बढ़ाया. इस वाकये से साफ हुआ कि पद, पैसा और प्रतिष्ठा से मिलने वाला सम्मान हमेशा नहीं रहता. इसके अतिरिक्त यदि आप समाज में मानवता के नाम पर कोई सम्मान पाते हैं तो वही स्थायी दौलत है.'

विधायक ने कहा कि हम भागदौड़ भरी जिंदगी में भूल जाते हैं कि वास्तव में इंसान क्या है. उन्होंने कहा कि अकसर हम लोगों को उनकी दौलत, पद और प्रतिष्ठा के अनुसार चीजों को समझते हैं. पराग शाह ने मुंबई के लोगों की तारीफ भी की. उन्होंने कहा कि मुंबई के लोगों ने मेरा दिल जीत लिया. कई लोगों ने मेरी मदद के लिए हाथ बढ़ाया. आखिर मदद मांगने वाला व्यक्ति कौन है, यह जाने बिना ही कुछ लोगों ने हेल्प की. यही सच्ची मानवता है, जब बिना किसी स्वार्थ के मदद की जाए. बिना कोई अपेक्षा रखे मदद की जाए. इस अनुभव ने मुझे बताया कि मुंबई सिर्फ सपनों का ही शहर नहीं है बल्कि मानवता का भी शहर है. उन्होंने कहा कि यह अनुभव मुझे पूरी जिंदगी याद रहेगा. 

पढ़ें: मुंबई की सड़कों पर भिखारी बनकर घूमा अरबपति विधायक, गुरु के कहने पर एक दिन के लिए बदला कैरेक्टर
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Parag Shah, Parag Shah Viral Video, India News, India News Hindi, Maharashtra News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com