- नागपुर और पनवेल में जन्माष्टमी और गणेशोत्सव के दौरान DJ और डॉल्बी साउंड सिस्टम पर रोक लगाई गई है
- अधिकारियों ने 3 सितंबर से 1 नवंबर तक बीम लाइट, लेजर लाइट और तेज आवाज के उपकरणों के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया है
- तेज आवाज और लेजर लाइट की वजह से खासकर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की सेहत पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने का खतरा है
आज जन्माष्टमी का त्योहार है. यूपी के साथ ही महाराष्ट्र में भी जन्माष्टमी बहुत ही खास अंदाज में मनाई जाती है. हर तरफ गीत-संगीत और दही हांडी का शोर सुनाई देता है. इसे देखते हुए बड़ा कदम उठाया गया है. कुछ ही दिनों में गणपति महोत्सव भी आने को है. त्योहारों को देखते हुए नागपुर और पनवेल में DJ, डॉल्बी साउंड सिस्टम और लेजर लाइट के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई है. अधिकारियों ने ये कदम शोर-शराबे वाले प्रदूषण को रोकने और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए उठाया है.
DJ, डॉल्बी साउंड सिस्टम पर रोक
नागपुर पुलिस के आदेश के मुताबिक, 3 सितंबर की आधी रात से 1 नवंबर की आधी रात तक DJ, डॉल्बी साउंड सिस्टम, बीम लाइट और लेजर लाइट के इस्तेमाल पर रोक रहेगी. पुलिस ने कहा कि तेज आवाज वाले DJ म्यूजिक से परेशानी और सेहत से जुड़ी दिक्कतें हो सकती हैं, खासकर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को. बीम और लेजर लाइट से आंखों को नुकसान पहुंचने का भी खतरा हो सकता है.
लेजर लाइट के इस्तेमाल पर भी रोक
अधिकारियों ने यह भी चेतावनी दी है कि तेज रोशनी से सड़कों पर गाड़ी चलाने वालों की नजर और गाड़ी पर कंट्रोल पर असर पड़ सकता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. इसी वजह से यह सख्त कदम उठाया गया है.
पनवेल में भी पाबंदियां लागू
पनवेल में भी ऐसी ही पाबंदियां लागू की जा रही हैं. गणेशोत्सव मंडलों के पदाधिकारियों के साथ हुई एक बैठक में, पुलिस ने आयोजकों को निर्देश दिया कि वे त्योहार के दौरान DJ, डॉल्बी साउंड सिस्टम या लेजर लाइट का इस्तेमाल न करें. पुलिस ने चेतावनी देते हुए कहा कि इन पाबंदियों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. गणेशोत्सव के आयोजकों को दर्शन के दौरान पुरुष और महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग लाइनें रखे जाने के भी निर्देश दिए गए हैं.
ये Video भी देखें :Janmashtami 2026: कृष्ण जन्मोत्सव पर देशभर में जश्न! मंदिरों में उमड़ी भारी भीड़
ये भी पढ़ें-श्री कृष्ण जन्माष्टमी आज, इस शुभ मुहूर्त में की जाएगी लड्डू गोपाल की पूजा, जानिए विधि
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं