Maharashtra Corona Updates: देश में लगातार बढ़ते कोरोनावायरस (Coronavirus) के मामलों के बीच महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा नए मामले दर्ज किए गए. पिछले 24 घं में राज्य में 3041 नए मामले सामने आए जिसके बाद यहां संक्रमितों का आंकड़ा 50000 के पार हो गया. अब यहां कुल 50231 संक्रमित हो गए हैं. पूरे महाराष्ट्र में अब तक 1635 लोगों की मौत इस वायरस के संक्रमण से हुई है.
अकेले मुंबई में संक्रमित मरीजों की संख्या 30542 हो गई है. पिछले 24 घंटे में यहां 1725 नए मामले सामने आए हैं जबकि 39 लोगों की मौत हुई है. इस तरह यहां मरने वालों का आंकड़ा 988 हो गया है.
दुनियाभर के देशों के साथ-साथ भारत में भी कोरोनावायरस (Coronavirus) के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं. देश में कोरोना (Covid-19) संक्रमितों का कुल आंकड़ा 1.31 लाख के पार पहुंच गया है. स्वास्थ्य मंत्रालय (Health Ministry) की ओर से रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोरोनावायरस मरीज़ों की कुल संख्या 1,31,868 हो गई है और जबकि इस वायरस से अब तक 3867 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, पिछले 24 घंटों में कोरोना के 6767 नए मामले सामने आए हैं और 147 लोगों की जान गई है. 24 घन्टे में सबसे ज्यादा नए मामले सामने आए हैं. हालांकि, राहत की बात यह है कि 54,441 मरीज कोरोना को मात देने में कामयाब हुए हैं. रिकवरी रेट सुधर कर 41.28 प्रतिशत पर पहुंच गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं