- CM फडणवीस ने धारावी एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन किया, जहां धारावी के भविष्य को दर्शाने वाला एंथेम लॉन्च हुआ
- धारावी का एंथेम मशहूर गायक शंकर महादेवन ने गाया है, जिसमें धारावी की यात्रा और कायाकल्प को दिखाया गया है
- धारावी की पुनर्विकास योजना में स्थानीय उद्योगों जैसे पॉटरी, लेदर, फूड प्रोसेसिंग को विकसित किया जाएगा
महाराष्ट्र के चीफ मिनिस्टर देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में धारावी एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन हुआ है. इसके अलावा दुनिया की सबसे बड़ी स्लम कॉलोनी कहे जाने वाले धारावी के भविष्य को बताने वाला एक एंथेम भी लॉन्च हुआ है. धारावी का कल शीर्षक से लॉन्च इस एंथेम को स्वर दिया है मशहूर सिंगर शंकर महादेवन ने. एक डिजिटल फिल्म के जरिए धारावी की यात्रा और उसके कायाकल्प के बारे में बताया गया है. इसके अलावा धारावी के भविष्य की तस्वीर को धारावी का एंथेम बताता है, जैसे कि उसका शीर्षक ही है- धारावी का कल. इसके अलावा धारावी की बदली हुई तस्वीर के बारे में बताने वाली एक पुस्तक 'मेरे सपनों की धारावी' का भी विमोचन हुआ है.
अफवाहों और भ्रमों का अंत होगा
धारावी एक्सपीरियंस सेंटर की लॉन्चिंग के मौके पर अदाणी ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रणव अडाणी भी मौजूद थे. इसके अलावा बीएमसी कमिश्नर अश्विनी भिड़े, मुंबई स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी के सीईओ डॉ. महेंद्र कल्याणकर भी उपस्थित थे. धारावी पुनिर्विकास योजना के सीईओ विपिन पालीवाल, अदाणी नवभारत डिवेलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ अनिल सरदाना समेत कई लोग मौजूद थे. इस मौके पर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मीडिया से भी बात की. उन्होंने कहा कि इस एक्सपीरियंस सेंटर से उन अफवाहों और भ्रमों का अंत होगा, जो धारावी के पुनर्विकास को लेकर फैलाई जा रही हैं.
धारावी सिर्फ स्लम नहीं मुंबई का आर्थिक इंजन
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने धारावी को मुंबई का एक महत्वपूर्ण आर्थिक इंजन भी बताया. उन्होंने कहा, 'धारावी सिर्फ एक स्लम नहीं है. यह एक बड़ा आर्थिक इंजन है. कुंभारवाड़ा पॉटरी इंडस्ट्री, लेदर बिजनेस, फूड प्रोसेसिंग, प्लास्टिक रीसाइकलिंग और तमाम छोटे और मझोले उद्योग यहां से गति पकड़ रहे हैं. अब जो पुनर्विकास की योजना है, उसमें इन सभी उद्योगों का ख्याल रखा गया है. इसके अलावा अच्छे वर्कप्लेस भी तैयार हुए हैं. इसके जरिए धारावी की मौजूदा सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक पहचान को बनाए रखते हुए विकास किया गया है.'
ये भी पढ़ें :- कैसा होगा भविष्य का धारावी'? मुंबई में बने एक्सपीरियंस सेंटर में दिखी पूरी तस्वीर, 2029 तक पहला फेज शुरू होगा
उन्होंने कहा कि कैसे शहरी ढांचे का कायापलट हो सकता है. उसका उदाहरण धारावी प्रस्तुत करता है. उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के विजन के तहत धारावी जैसे प्रोजेक्ट सामने आए हैं. उन्होंने कहा कि धारावी एक्सपीरियंस सेंटर आकर रियल टाइम जानकारी मिलेगी. पता चलेगा कि धारावी आज कैसी है. भविष्य में इसकी तस्वीर कैसी होगी. उन्होंने कहा कि धारावी के लोगों को ऐसा इन्फ्रा बनाकर दिया जाएगा, जिससे उन्हें एक छत के नीचे ही तमाम सुविधाएं मिल सकेंगी.
ये भी पढ़ें :- धारावी के लोगों को अब सामने दिखेगा उनका नया घर-बार, कारोबार... CM ने किया एक्सपीरिएंस सेंटर का उद्घाटन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं