अब जबकि अगले साल आयोजित होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग के संस्करण के लिए खिलाड़ियों के रिटेंशन की तारीख (17 नवंबर) नजदीक आ रही है, तो सभी टीमों की 'चाल' ने गति पकड़ ली है. फ्रेंचाइजी से अलग-अलग खबरें आ रही हैं. और सबसे बड़ी खबर मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को लेकर है. अलग-अलग रिपोर्ट्स के अनुसार मुंबई इंडिंयस ने अगले सीजन के लिए फिर से रोहित शर्मा को कप्तान बनाने का फैसला किया है. फैसले से जुड़े कागजात बीसीसीआई के पास पहुंच चुके हैं और एक हफ्ते के भीतर कभी भी आधिकारिक रूप से फ्रेंचाइजी की तरफ से इस बड़े फैसले का ऐलान हो सकता है. रोहित ने साल 2013 से 2023 तक 11 सीजन में इंडियंस की कप्तानी की, तो वहीं हार्दिक पांड्या 2024 से पिछले सीजन तक 3 साल कप्तान रहे.
यह भी पढ़ें: 10 करोड़ रोहित को प्रति शो? जानें अमिताभ, सलमान सहित कितनी है टॉप स्टारों की फीस
रिपोर्ट के अनुसार सभी फ्रेंचाइजी टीमों को 17 नवंबर तक अपने रिटेन किए गए खिलाड़ियों की सूची बीसीसीआई को भेजनी है. ऐसे में इस तारीख के आस-पास या इस बीच कभी भी रोहित शर्मा के नाम पर बतौर कप्तान की मुहर लग जाएगी! वहीं, तिलक वर्मा रोहित के डिप्युटी होंगे. रिपोर्ट के अनुसार मुंबई इंडियंस ने बहुत पहले ही हार्दिक पांड्या के लिए 4 विकल्प तैयार कर लिए थे. और इंडियंस का प्रबंधन लगातार इन चार खिलाड़ियों के लिए उनकी फ्रेंचाइजी प्रबंधन से बात कर रहा था.
मुंबई इंडियंस कर रहा था हार्दिक के इन विकल्पों पर काम
रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई इंडियंस ने कैमरून ग्रीन और एक तेज गेंदबाज के लिए केकेआर (KKR), यशस्वी जायसवाल के लिए आरआर (RR), अर्शदीप सिंह के लिए पीबीकेएस , या हार्दिक को एक और सीजन के लिए अपने पास रखने का प्लान बनाया था. जानकारी के अनुसार यह बातचीत जून में बातचीत शुरू हुई और MI ने आखिरकार पंजाब किंग्स के प्रस्ताव को प्राथमिकता दी. मतलब यह कि हार्दिक पांड्या की जगह अब अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस के लिए खेलते दिखाई पड़ेंगे.
अगले सीजन में पंजाब किंग्स के लिए खेलते दिखेंगे पांड्या
यानी बीसीसीआई की मंजूरी मिलने के बाद अब हार्दिक पांड्या अगले सीजन में पंजाब किंग्स के लिए खेलते दिखाई पड़ेंगे, लेकिन वह यहां कप्तान नहीं ही होंगे. पिछले सीजन में पंजाब किंग्स को फाइनल में पहुंचाने वाले श्रेयस अय्यर ही पंजाब का नेतृत्व करेंगे. और यह सहज ही समझ में भी आता है क्योंकि पिछले तीन साल बतौर मुंबई कप्तान के साथ जैसा प्रदर्शन टीम का रहा, जैसे विवाद सामने आए, जैसी तस्वीरें टीवी पर दर्शकों ने देखी, उससे इंडियंस की ब्रांड वैल्यू पर खासा असर पड़ा, तो एक वर्ग को रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाया जाना बिल्कुल भी पसंद नहीं आया था. पहले ही सीजन में मैदान पर हार्दिक को फैंस से क्या-क्या सुनना पड़ा था, यह तो सभी जानते ही हैं. बहरहाल, अब जब अगले साल रोहित सर्मा टीम इंडिया के विश्व कप की प्लानिंग का हिस्सा हैं, तो मुंबई इंडियंस ने भी अपने पत्ते दुरुस्त करने की कोशिश की है और यह खबर फ्रेंचाइजी के फैंस के लिए एक खुशखबरी की तरह है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं