IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है. अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है. साहिल के माता-पिता ने न्याय की मांग को लेकर मुंबई के आजाद मैदान में भूख हड़ताल पर बैठने का फैसला किया है. शुरुआत में परिवार IIT बॉम्बे कैंपस के बाहर प्रदर्शन करना चाहता था लेकिन मुंबई पुलिस के साथ बातचीत के बाद वे आजाद मैदान में निर्धारित स्थान पर अनशन करने के लिए तैयार हो गए. परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार विरोध प्रदर्शन की शुरुआत आज ही होने की संभावना है.
18 सितंबर को हॉस्टल में मिला था शव
साहिल वाकोडे का शव 18 सितंबर की शाम को IIT बॉम्बे के पवई स्थित हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला था. इस घटना ने पूरे शैक्षणिक जगत को झकझोर दिया था. मामले के सामने आने के बाद छात्र संगठनों और सामाजिक संगठनों ने भी निष्पक्ष जांच की मांग उठाई.
परीक्षा के दौरान पकड़े जाने की चर्चा
इस मामले की जांच के दौरान सामने आया कि मौत से कुछ घंटे पहले साहिल को सेमेस्टर परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन के जरिए ChatGPT का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था. हालांकि परिवार और विभिन्न संगठनों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच जरूरी है ताकि सभी तथ्यों को सामने लाया जा सके.
मामले में IIT बॉम्बे के प्रोफेसर सूर्यनारायण डूल्ला को छुट्टी पर भेज दिया गया है. उनके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला भी दर्ज किया गया है. आरोप है कि साहिल को जाति के आधार पर प्रताड़ित किया जाता था. वहीं जांच के लिए 10 सदस्यीय हाईलेवल कमेटी का गठन किया गया है. दूसरी ओर मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच भी मामले की जांच कर रही है.
CCTV फुटेज भी आया सामने
इस बीच मामले से जुड़ा पहला CCTV फुटेज भी सामने आया है. फुटेज परीक्षा हॉल के अंदर का बताया जा रहा है. वीडियो में साहिल काली टी-शर्ट पहने दिखाई देता है. कुछ देर बाद एक शिक्षक उसके पास आते हैं, उससे बातचीत करते हैं और फिर वह अपनी सीट पर बैठ जाता है. यह फुटेज अब जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है. साहिल के माता-पिता की भूख हड़ताल ने मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है. परिवार का कहना है कि उन्हें केवल निष्पक्ष जांच और न्याय चाहिए.
यह भी पढ़ें- IIT बॉम्बे ने टाले मिड सेमेस्टर एग्जाम, छात्र साहिल की मौत के बाद बड़ा फैसला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं