IIT बॉम्बे में छात्र की मौत के बाद संस्थान को लेकर कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं. यहां मौजूद छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं और तमाम मांगों को पूरा करने की बात कर रहे हैं. इसी बीच आईआईटी बॉम्बे की तरफ से भी बदलाव शुरू हो चुके हैं. 19 साल के साहिल वाकोडे की मौत के बाद कई तरह के बदलाव किए जा रहे हैं, जिनमें हॉस्टल के नियमों से लेकर बाकी तमाम तरह की चीजें शामिल हैं. इसी बीच फिलहाल के लिए मिड-सेमेस्टर परीक्षाओं को भी टाल दिया गया है. आइए जानते हैं कि पिछले कुछ दिनों में आईआईटी बॉम्बे में क्या-क्या बदलाव हो चुके हैं और किन चीजों में बदलाव की तैयारी हो रही है.
टाले गए मिड-सेमेस्टर एग्जाम
आईआईटी बॉम्बे ने मिड-सेमेस्टर एग्जाम को टाल दिया है, जो कैंपस में पिछले कुछ दिनों से चल रहे थे. मामला शांत होने तक ये परीक्षाएं आयोजित नहीं होंगीं. तमाम तरह के बदलावों के बाद ही फिर से मिड-सेमेस्टर एग्जाम लिए जाएंगे. बताया जा रहा है कि अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में बची हुई परीक्षाओं का आयोजन होगा.
हॉस्टल से निकलेंगे सीलिंग फैन
छात्र की खुदकुशी के मामले को देखते हुए अब आईआईटी बॉम्बे में हॉस्टल के कमरों से सीलिंग फैन निकालने की तैयारी हो रही है. इनकी जगह दीवार पर लगने वाले पंखे लगाए जा रहे हैं. छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए ये फैसला लिया गया है.
ट्विन शेयरिंग के नियम पर विचार
IIT बॉम्बे में अब छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए ट्विन शेयरिंग फॉर्मूले पर विचार हो रहा है. इसमें कोई भी छात्र हॉस्टल में अकेला नहीं रहेगा. अब सभी सेमेस्टर के छात्रों के लिए शेयरिंग वाले ही रूम की व्यवस्था लागू करने की तैयारी हो रही है. कई छात्र अकेलापन महसूस करते हैं और पढ़ाई से लेकर बाकी चीजों के चलते डिप्रेशन में आ जाते हैं. ट्विन शेयरिंग में वो अपने पार्टनर से बातें शेयर कर सकते हैं. ओपेन हाउस मीटिंग में ये प्रस्ताव रखा गया था, जिस पर विचार किया जा रहा है.
काउंसिलिंग पर जोर
छात्र की मौत के बाद अब काउंसिलिंग के घंटे बढ़ाने पर फैसला लिया गया है. छात्रों से लगातार बातचीत की जाएगी और मेंटल हेल्थ का ख्याल रखा जाएगा. जिन छात्रों को मदद की जरूरत होगी, उन्हें तुरंत मदद मिलेगी और हर चीज का ध्यान रखा जाएगा. इसके अलावा वेलनेस प्रोग्राम्स पर भी जोर दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें - पिछले पांच साल में 45 IITians ने दी अपनी जान, आधे से ज्यादा SC-ST और ओबीसी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं