- महाराष्ट्र में FDA ने बड़े होटलों और कैंट्रीन पर लगातार छापेमारी कर खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की.
- एयर इंडिया बिल्डिंग और विधान भवन में कुल 28 निरीक्षण किए गए, जिनमें कई प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित हुए.
- 38 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए, साथ ही ₹3.52 करोड़ के खाद्य स्टॉक और वाहन भी जब्त किए गए.
महाराष्ट्र में बीते कुछ महीनों से हो रही फूड सेफ्टी विभाग (FDA) की छापेमारी होटल और कैंट्रीन संचालकों में हड़कंप मचा है. FDA कमिश्नर तुकाराम मुढे के कमान संभालने के बाद मिलावटखोरी के साथ-साथ बड़े-बड़े होटल व कैंट्रीन पर लगातार छापेमारी जारी है. अब इसी कड़ी में FDA ने विधान भवन और एयर इंडिया बिल्डिंग के कैंट्रीन पर छापेमारी की. पूरे महाराष्ट्र में 38 लाइसेंस निलंबित किए गए और ₹3.52 करोड़ का स्टॉक जब्त किया गया.
FDA ने मुंबई में एयर इंडिया बिल्डिंग (15) और विधान भवन (13) परिसरों में कुल 28 निरीक्षण किए, जिसके तहत ₹1.57 लाख का जुर्माना वसूला गया और 'फ्रेश-एन-जूस' (Fresh-N-Juice) स्टॉल का पंजीकरण निलंबित कर दिया गया. धारा 69 के तहत वसूले गए जुर्माने में स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के लिए 'A1 ज़म ज़म जूस सेंटर' (बांद्रा पश्चिम) से ₹1 लाख और 'जनता फास्ट फूड सेंटर' (चर्चगेट) से ₹60,000 शामिल हैं.
स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के कारण ज़ेप्टो (Zepto), 5 स्पाइस (5 Spice), होटल ऑर्किड (Hotel Orchid), द फर्न (The Fern) और पिज़्ज़ा हट (Pizza Hut) के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए.
विधान भवन के साथ-साथ एयर इंडिया बिल्डिंग में भी छापेमारी
मुंबई में की गई एक बड़ी कार्रवाई के तहत, महाराष्ट्र FDA ने ज़ेप्टो, ब्लिंक कॉमर्स (Blink Commerce), 5 स्पाइस, ईव (EVE) और माइज़ मैक्सिकन किचन (Maiz Mexican Kitchen) के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं. मिली जानकारी के अनुसार एयर इंडिया बिल्डिंग और विधान भवन परिसर में कुल 28 निरीक्षण किए गए.
विशेष अभियान चलाकर 3.52 करोड़ के खाद्य स्टॉक किए जब्त
20-21 नवंबर को चलाए गए 'सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र' अभियान के तहत, महाराष्ट्र FDA ने ₹3.52 करोड़ रुपए का खाद्य स्टॉक और वाहन जब्त किए. FDA ने पूरे राज्य में 38 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और पंजीकरण प्रमाण पत्र निलंबित कर दिए हैं - इनमें पुणे में 17, बृहन्मुंबई में 13, नासिक में 6 और कोंकण में 2 प्रतिष्ठान शामिल हैं.
कुल ₹3.17 लाख का जुर्माना वसूला
धारा 69 के तहत कुल ₹3.17 लाख का जुर्माना वसूला गया, 2 मामले दर्ज किए गए और 1 व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया. ज़ेप्टो लिमिटेड (भांडुप पश्चिम), ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड (वडाला), 5 स्पाइस/क्विन्स (बांद्रा पश्चिम), ईव (सांताक्रूज़ पश्चिम) और माइज़ मैक्सिकन किचन/हार्वेस्ट सलाद एंड कंपनी (मलाड पश्चिम) के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं.
नगर निगम के शौचालय के बगल में पक रहा था खाना
निरीक्षकों को माइज़ मैक्सिकन किचन में रैक पर और क्विनोआ के पैकेटों के अंदर 10-15 ज़िंदा कॉकरोच मिले; 5 स्पाइस में कच्चा चिकन मिला जिससे खून टपक रहा था; ईव में खाने-पीने की चीज़ें कूड़ेदान के बगल में रखी मिलीं; और मनोज समोसावाला (गोरेगांव पूर्व) में बिना किसी विभाजन (पार्टीशन) के, नगर निगम के शौचालय के ठीक बगल में खाना पकाया जा रहा था.
भिवंडी (ठाणे) में 'नोवासोल इंग्रीडिएंट्स प्राइवेट लिमिटेड' से ₹1.91 करोड़ मूल्य की 61,009 किलोग्राम बिना मंजूरी वाली खाद्य सामग्री जब्त की गई; कोंकण डिवीजन में तीन वाहनों से ₹97.82 लाख मूल्य की 84,694 किलोग्राम घटिया और सड़ी हुई सुपारी जब्त की गई.
बुलढाणा में प्रतिबंधित पान मसाला, फ्लेवर्ड तंबाकू और ₹55.53 लाख मूल्य के दो बोलेरो पिक-अप वाहन जब्त किए गए, और जलंब पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई; नासिक में गुटखा जब्त करने की एक अलग घटना में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया.
पिज्जा हट, मेट्रो रेस्टोरेंट सहित कई के लाइसेंस रद्द
कई प्रमुख होटलों और आउटलेट्स के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं, जिनमें 'द फर्न' और 'होटल ऑर्किड' (लोनावला), 'पिज़्ज़ा हट' (कोल्हापुर), 'मेट्रो रेस्टोरेंट', 'ग्रैंड दिल्ली दरबार' और 'द बर्गर बार्न कैफे' (पुणे), तथा 'होटल विहार', 'होटल शमसुंदर' और 'होटल तुषार' (नासिक) शामिल हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं