महाराष्ट्र के अमरावती के मेलघाट स्थित डोमा आदिवासी आश्रमशाला में छात्राओं पर 'भूत' का साया होने की अफवाह के बाद उनकी जांच की गई. अब जांच के बाद खुलासा हुआ है कि छात्राओं को एक बीमारी है, जिसके कारण वो अलग-अलग हरकत कर रही थीं.
अमरावती जिला सामान्य अस्पताल की मानसिक स्वास्थ टीम ने स्कूल पहुंचकर पीड़ित छात्राओं की जांच की. 6 छात्राओं को लगातार रोना, डर, उदासी और भूलने की बीमारी और शारीरिक दर्द जैसे लक्षण पाए गए. मेडिकल जांच में ये साफ हुआ है कि ये छात्राएं एक बीमारी से जूझ रही थीं.
स्वास्थ्य टीम ने बताया कि छात्राओं को 'डिसोसिएटिव कन्वर्जन डिसऑर्डर' (Dissociative Conversion Disorder) नामक बीमारी थी. मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, पढ़ाई का दबाव, मानसिक तनाव और आसपास की घटनाओं का असर इसके मुख्य कारण हो सकते हैं. फिलहाल इन छात्राओं को अलग रखकर उनका इलाज किया जा रहा है. इन छात्राओं के अभिभावकों की भी काउंसलिंग की गई है.
इस घटना पर आदिवासी अपर आयुक्त संदीप गोलाईत ने कहा कि इस अफवाह पर किसी को ध्यान देने की जरूरत नहीं है. उन्होंने बताया कि अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति ANIS, स्कूल प्रशासन और प्रिंसिपल के सहयोग से अगले 8 दिनों के भीतर सभी छात्रों को वापस स्कूल लाने का प्रयास किया जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं