UPSC AIR 958 Sunita Success Story: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के फाइनल नतीजों में सबसे आखिरी रैंक AIR-958 हासिल करने वाली सुनीता (टीना) की सफलता की कहानी बेहद प्रेरणादायक है. इसमें संघर्ष, असफलताओं से जूझने का साहस और आखिरकार सफलता पाने का जज्बा साफ दिखाई देता है. NDTV से बातचीत में सुनीता ने बताया कि रिजल्ट वाले दिन उनके लिए “कभी खुशी, कभी गम” जैसा माहौल था.
UPSC Result 2025 PDF में पहले खुशी, फिर घबराहट
सुनीता ने बताया कि होली के आसपास यूपीएससी का रिजल्ट आने की चर्चा थी. 6 मार्च 2026 की दोपहर जैसे ही वेबसाइट पर परिणाम जारी हुआ, उन्होंने तुरंत पीडीएफ में अपना नाम तलाशना शुरू किया. पहली नजर में नाम नहीं मिला तो निराशा हुई. इसके बाद उन्होंने “Sunita” नाम से सर्च किया. उस नाम से दो उम्मीदवारों के नाम दिखाई दिए.
यह भी पढ़ें- UPSC इंटरव्यू में पूछा-तलाक के बाद करोड़पति पति से कितना मेंटेनेंस? यह जवाब देकर टॉपर बनी रूपल?

upsc air 958 sunita success story 4th attempt Hansawas Kalan Charkhi Dadri Haryana
यूपीएससी रिजल्ट पीडीएफ में पहला नाम 364वीं रैंक पर था. इसे देखकर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा और आंखों से खुशी के आंसू निकल आए. लेकिन जब रोल नंबर मिलाया तो पता चला कि वह किसी और उम्मीदवार का नाम था. यह देखकर उनका दिल बैठ गया, पसीने छूट गए और एक बार फिर फेल होने का डर सताने लगा. कुछ देर बाद उसी सूची में Sunita नाम का दूसरा रिजल्ट 958वीं रैंक पर मिला, जो अंतिम सफल उम्मीदवार की रैंक थी. रोल नंबर मिलाते ही उन्हें भरोसा हो गया कि यह उनका ही परिणाम है.
भावुक हो गया था पूरा परिवार
सुनीता बताती हैं कि उस समय वह मोबाइल पर रिजल्ट देख रही थीं. उनके भाई विशाल ने उस भावुक पल को कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया. घर में उनकी मां कुसुमलता और भाभी मीनाक्षी हाथ जोड़कर भगवान से प्रार्थना कर रही थीं. जब रिजल्ट कन्फर्म हुआ तो पूरे परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. यहां देखें VIDEO
तीन बार फेल, चौथे प्रयास में मिली सफलता
सुनीता ने बताया कि उन्हें UPSC में चौथे प्रयास में सफलता मिली. पहले तीन प्रयासों में वह प्रीलिम्स भी पास नहीं कर पाई थीं. लगातार असफलता के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी. पढ़ाई जारी रखी और आखिरकार सफलता हासिल की.
माता-पिता से मिली संघर्ष की प्रेरणा
तीन बार असफल होने के बाद भी हिम्मत बनाए रखने के सवाल पर सुनीता कहती हैं कि उनके माता-पिता पशुपालक हैं और खेती भी करते हैं. कभी मौसम की मार तो कभी पशुओं की बीमारी जैसी समस्याओं से उन्हें रोज जूझना पड़ता है. इसके बावजूद वे हार नहीं मानते. सुनीता को भी अपने माता-पिता से ही संघर्ष करते रहने की प्रेरणा मिली.
यह भी पढ़ें- अंधेरे को चीरकर अक्षत बलदवा ने रचा इतिहास: 100% ब्लाइंडनेस के बावजूद UPSC में हासिल की 173वीं रैंक

upsc air 958 sunita success story 4th attempt Hansawas Kalan Charkhi Dadri Haryana
बिना कोचिंग सरकारी स्कूल से पढ़ाई
सुनीता की सफलता उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है जो मानते हैं कि यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा पास करने के लिए महंगी कोचिंग जरूरी होती है. उन्होंने पूरी पढ़ाई सरकारी स्कूल और कॉलेजों से की और घर पर रहकर तैयारी की. उन्होंने किसी भी कोचिंग संस्थान की मदद नहीं ली.
सुनीता का जीवन परिचय
- नाम: सुनीता (टीना)
- UPSC रैंक: AIR-958
- प्रयास: चौथा
- पिता: गुणपाल श्योराण
- गांव: हंसावास कलां, चरखी दादरी (हरियाणा)
- शिक्षा
- 10वीं-राजकीय उच्च विद्यालय, बाढड़ा (चरखी दादरी)
- 12वीं-राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बाढड़ा
- स्नातक-राजकीय पीजी कॉलेज, महेंद्रगढ़
- स्नातकोत्तर-राजकीय पीजी कॉलेज, नारनौल
- NET-JRF क्वालिफाइड (144वीं रैंक)
UPSC CSE 2025 Result
संघ लोक सेवा आयोग ने 6 मार्च 2026 को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित किया. कुल 958 उम्मीदवार सफल हुए. इस परीक्षा में राजस्थान के कोटा निवासी अनुज अग्निहोत्री ने अखिल भारतीय स्तर पर पहला और हरियाणा के चरखी दादरी की सुनीता ने आखिरी 958वां स्थान हासिल किया है.
यह भी पढ़ें- UPSC इंटरव्यू में अपनी साड़ी के सवाल पर ऐसा रोचक जवाब देकर वैभवी बनी IAS, बचपन में मां को खोया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं