विज्ञापन

समर्थ से पुराने रिश्ते की जानकारी जुटा रही CBI, मां-बेटों के जवाबों में दिखा विरोधाभास

ट्विशा शर्मा की भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में सीबीआई की जांच जारी है. रिमांड के दौरान सीबीआई ने अब तक ट्वीशा के आरोपित पति समर्थ सिंह और सास, रिटायर जिला जज गिरिबाला सिंह से लगातार पूछताछ की.

ट्विशा का पति समर्थ सिंह.

Twisha Case Update: ट्विशा शर्मा मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह और सास व पूर्व जज गिरिबाला सीबीआई रिमांड में हैं. जांच एजेंसी को अभी बहुत से ऐसे सवाल हैं, जिनके जवाबों की तलाश है. CBI का फोकस शादी के बाद ट्विशा और समर्थ के रिश्तों में आए तनाव के साथ घटना वाली रात की पूरी टाइमलाइन को समझने पर है. अब सीबीआई समर्थ से पुराने रिश्ते (एक लड़की को लेकर) के बारे में भी जानकारी जुटा रही है. साथ ही एजेंसी की जांच का दायरा कटारा हिल्स थाने के विवेचना अधिकारी तक भी पहुंच गया है.

इन सवालों के जवाब नहीं दे पाया समर्थ

सीबीआई ने रिमांड के दौरान समर्थ से यह भी पूछा कि 22 अप्रैल को ट्विशा (Twisha Sharma) के मायके पक्ष के लोग अचानक भोपाल क्यों आए? जिसका जवाब वह दे नहीं पाया. साथ ही दांपत्य जीवन में विवाद, कथित मारपीट और दिसंबर में शादी के होने पर कुछ ही महीनों में रिश्तों में आई खटास के कारणों को लेकर भी सीबीआई ने सवाल किए हैं. मामले में बहुत से ऐसे सवाल हैं, जिनके समर्थ के जवाबों से एजेंसी संतुष्ट नहीं आ रही है.

समर्थ के पुराने रिश्ते की भी जांच

सूत्रों के अनुसार यह भी पता चला है कि सीबीआई समर्थ सिंह (Samarth Singh) के एक पुराने रिश्ते की भी पड़ताल कर रही है, जहां समर्थ की ट्विशा से शादी से पहले एक युवती से बातचीत थी. उससे नजदीकियों पर सवाल किए हैं.

गिरिबाला से भी पूछताछ, दोनों के बयान में विरोधाभास

सीबीआई गिरिबाला सिंह (Giribala Singh) से घटना वाली रात के 40 मिनट के घटनाक्रम को लेकर पूछताछ कर रही है. जांच के दौरान उस समय को लेकर सवाल किया है, जिसमें 12 मई की रात 9:40 बजे तक ट्विशा शर्मा की अपने मायके पक्ष से सामान्य बातचीत हुई. फिर बाद में करीब रात 10:20 बजे दोबारा मायके पक्ष वालों को संपर्क करने पर ट्विशा की मौत की सूचना दी गई. अधिकारियों ने यह जानने की कोशिश की कि इतने कम समय में क्या हुआ था?

इसके अलावा सीबीआई को दोनों के बयानों में कई बिंदुओं पर विरोधाभास भी दिखा है.

सीबीआई ने बढ़ाया जांच का दायरा

इसके अलावा सीबीआई ट्विशा के गर्भपात और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े पहलुओं पर भी पड़ताल करेगी. सीबीआई ने निजी अस्पताल की महिला डॉक्टर को पूछताछ के लिए समन जारी किया है, जिसने कथित रूप से ट्विशा को मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी की सलाह दी थी.

मनोचिकित्सक को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया, जिनसे ट्विशा नियमित रूप से परामर्श लेती थी. इनसे पूछताछ से सीबीआई यह पता लगाएगी कि गर्भपात, मानसिक स्थिति और पारिवारिक परिस्थितियों के बीच कोई संबंध तो नहीं था?

आज रिमांड हो रही खत्म

दोनों आरोपी मां और पुत्र की आज सीबीआई रिमांड भी खत्म हो रही है, जिन्हें कोर्ट में आज फिर से पेश किया जाएगा. कोर्ट ने दोनों को 29 मई को 5 दिन की रिमांड पर भेजा था.

विवेचना अधिकारी ने पहले पीएम के लिए नहीं दी थी बेल्ट

इसके अलावा सीबीआई की टीम कटारा हिल्स थाने के विवेचना अधिकारी दिनेश शर्मा पूछताछ कर सकती है. उनसे लिगेचर बेल्ट के बारे में सवाल-जवाब किए जा सकते हैं, जो घटना के तीन दिन बाद जब्त की गई. इसके अलावा ट्विशा का जब पहला पोस्टमॉर्टम भोपाल एम्स में हुआ तो वह बेल्ट भी डॉक्टरों को नहीं दी गई थी.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com