Twisha Sharma Death Case: भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा केस में सोमवार को उस वक्त एक सनसनीखेज मोड़ आ गया है, जब मामले के मुख्य गवाह नीरज दुबे पर आरोपी समर्थ सिंह के दोस्तों ने बीच सड़क पर हमला कर दिया. सीसीटीवी में कैद हुई इस वारदात के बाद कटारा हिल्स पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
यह पूरी घटना बीती 30 तारीख की बताई जा रही है. पीड़ित नीरज दुबे, जो इस मामले में एक मुख्य गवाह हैं, उन पर आरोपी समर्थ सिंह के दोस्तों ने हमला बोल दिया. पीड़ित के मुताबिक, 4 से 5 बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी. हमलावरों का साफ तौर पर कहना था, "तू इस मामले में गवाह क्यों बन रहा है?" गवाही न देने का दबाव बनाते हुए आरोपियों ने नीरज दुबे को बेरहमी से पीटा.
सीसीटीवी (CCTV) में कैद हुई पूरी गुंडागर्दी
यह पूरी वारदात वहां पास में ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दबंगई दिखाते हुए युवकों ने नीरज दुबे को निशाना बनाया. आपको बता दें कि पीड़ित नीरज दुबे का पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह के घर के पास ही एक सांची पार्लर है. हमलावरों ने इसी इलाके के पास वारदात को अंजाम दिया, जिससे स्थानीय दुकानदारों और रहवासियों में दहशत का माहौल है.
शिकायत पर पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
घटना के तुरंत बाद पीड़ित नीरज दुबे ने कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में पहुंचकर पुलिस को लिखित आवेदन दिया. मामला एक हाई प्रोफाइल केस के गवाह से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने भी इसे गंभीरता से लिया. इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित को कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें- Twisha Sharma Death : घटनास्थल पर SIT की स्पॉट विजिट, कोर्ट में टली सुनवाई; अब 26 और 27 मई पर टिकीं निगाहें
पीड़ित नीरज दुबे ने बताया कि मैं अपने पार्लर के पास था, तभी समर्थ सिंह के 40-45 दोस्त वहां आ धमके. उन्होंने मुझे घेर लिया और गाली लौज करते हुए कहा कि तू ट्विशा मामले में ज्यादा गवाह मत बन. जब मैंने विरोध किया, तो उन्होंने मुझ पर हमला कर दिया. दुबे ने कहा है कि मुझे जान का खतरा है. लिहाजा, मैंने पुलिस से सुरक्षा और इंसाफ की गुहार लगाई है.
यह भी पढ़ें- Twisha Sharma Death Case: ट्विशा शर्मा के पिता का छलका दर्द; भोपाल प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं