विज्ञापन

सरेआम हैवानियत: छात्रा के साथ मंदिर गए नाबालिग को पहले पीटा फिर हाथ-पैर बांधकर घसीटा !

मध्य प्रदेश के मुरैना से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां सुमावली कस्बे में एक नाबालिग लड़के को बेरहमी से पीटा गया और तपती दोपहर में गर्म सीमेंट की सड़क पर हाथ पैर बांधकर फेंक दिया गया. लड़की के परिजनों को शक था कि लड़का उनकी बेटी से बात करता है. 

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है.
upendra Gautam

Morena News: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मुरैना जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां सुमावली कस्बे में एक नाबालिग लड़के के साथ न केवल लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की गई, बल्कि क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसके हाथ-पैर बांधकर भीषण गर्मी में तपती हुई सीमेंट की सड़क पर फेंक दिया गया. मासूम बच्चा रहम की भीख मांगता रहा और छोड़ने की गुहार लगाता रहा, लेकिन हमलावरों का दिल नहीं पसीजा. वे उसे तब तक पीटते रहे, जब तक कि वह अधमरा होकर बेहोश नहीं हो गया.

जानकारी के अनुसार, पीड़ित लड़का और लड़की दोनों नूराबाद थाना क्षेत्र के एक ही गांव के रहने वाले हैं और साथ में कोचिंग पढ़ने जाते हैं. बीते दिन कोचिंग खत्म होने के बाद दोनों ने एक धार्मिक स्थल के दर्शन करने का मन बनाया और इलेक्ट्रिक टू व्हीलर से सुमावली पहुंच गए, लेकिन वहां अचानक उनकी ई-बाइक डिस्चार्ज हो गई, जिसे वे एक जगह चार्ज कर रहे थे. गांव में चर्चा है कि दोनों ने अपना एक वीडियो बनाकर परिजनों को भेजा था कि वे सुमावली में दर्शन के लिए आए हैं. इस बीच, नूराबाद थाने में लड़की की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा चुके उसके परिजन तलाश करते हुए सुमावली पहुंच गए. लड़की के परिजनों को शक था कि यह लड़का उनकी बेटी से बातचीत करता है. बस इसी शक के चलते उन्होंने आव देखा न ताव और नाबालिग पर टूट पड़े.

गर्म सीमेंट की सड़क पर बर्बरता

यह खौफनाक वारदात दोपहर के करीब 4 बजे की बताई जा रही है. जून-जुलाई की इस भीषण गर्मी में सीमेंट की बनी सड़क भट्टी की तरह तप रही थी. हमलावरों में से एक ने लड़के को पकड़ा और दूसरे ने उसके हाथ-पैर बांधकर उसे उसी जलती हुई सड़क पर पटक दिया. इसके बाद उसे घसीट-घसीट कर बेरहमी से पीटा.

बच्चे की हालत है नाजुक

हालांकि, इसी दौरान मौके पर लड़के के परिजन भी ढूंढते हुए सुमावली पहुंच गए. उन्होंने लहूलुहान हालत में बच्चे को बचाया और तुरंत इलाज के लिए मुरैना जिला अस्पताल ले गए, लेकिन बच्चे की बेहद गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है, लेकिन चिंताजनक बनी हुई है.

 वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इस पूरी हैवानियत का वहां मौजूद किसी ग्रामीण ने चुपके से वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. लड़के के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) सहित अन्य गंभीर धाराओं में आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है.

यह भी पढ़ें- MP Politics: दिग्विजय सिंह की 'रिसर्च' से कांग्रेस में भूचाल, कभी कोसने वाली BJP अब जता रही है 'प्यार'

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुस्तैद हो गई है. मुरैना के पुलिस अधीक्षक (SP) धर्मराज मीणा ने बताया कि लड़की के परिजनों को शक था कि युवक उनकी बेटी से बातचीत करता है, जिसके कारण उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया. मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लड़की को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है. वहीं, मारपीट करने वाले आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. बाकी फरार आरोपियों की तलाश में सुमावली थाना पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही वे सभी सलाखों के पीछे होंगे.

यह भी पढ़ें- 'वायरल गर्ल' से शादी रचाने वाले एक्टर फरमान को नहीं मिली जमानत, कोर्ट ने ये बताई वजह 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Morena News, Morena News Mp, Morena Crime News, MP News, Madhya Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com