IPS Bhavna Pandey: छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को 24 IPS अधिकारियों का तबादला किया गया. इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत धमतरी जिले को नई पुलिस अधीक्षक (Superintendent of Police) मिल गई हैं. दंतेवाड़ा जैसे नक्सल प्रभावित जिले में अपनी सेवाएं दे चुकीं आईपीएस भावना पांडे को अब धमतरी जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है. उनके आगमन से जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली में नई गति और मजबूती आने की उम्मीद जताई जा रही है. दरअसल, IPS भावना पांडे ने दंतेवाड़ा,राजनांदगांव,रायपुर में पोस्टिंग के दौरान बेहतरीन कार्यों से अपनी अलग पहचान बनाई.
धमतरी जिले को नई पुलिस अधीक्षक के रूप में अनुभवी आईपीएस अधिकारी भावना पांडे मिल गई हैं. जिले की 21वीं पुलिस अधीक्षक के रूप में उन्होंने सोमवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया. पदभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि उनकी प्राथमिकता अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करना, आमजन और पुलिस के बीच विश्वास का रिश्ता कायम करना रहेगा.
2000 में बने PCS अधिकारी
भावना पांडे वर्ष 2000 बैच की पीसीएस अधिकारी हैं. हालांकि उस समय मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ का विभाजन नहीं हुआ था. राज्य विभाजन के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर आवंटित हुआ. उनकी पहली पोस्टिंग रायपुर में सीएसपी के रूप में हुई. जिसके बाद उन्होंने लगभग साढ़े तीन वर्ष तक दंतेवाड़ा जैसे नक्सल प्रभावित जिले में अपनी सेवाएं दीं.
2025 में मिला IPS कैडर में प्रमोशन
साल 2025 में काबिलियत व कार्यक्षमता को देखते हुए उन्हें पीसीएस से आईपीएस कैडर में प्रमोशन दिया गया. वहीं आईपीएस मिलने के बाद स्पेशल ब्रांच में तैनात किया गया. आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए भावना पांडे को प्रतिष्ठित आईपीएस अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है.
अब अपराधियों की खैर नहीं
धमतरी की नई पुलिस अधीक्षक भावना पांडे ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ जनता के बीच मित्रवत पुलिसिंग की अवधारणा को आगे बढ़ाया जाएगा. उन्होंने बताया कि जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय ड्रग कार्टेल पुलिस के लिए बड़ी चुनौती हैं, जिन पर प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि नेटवर्कों को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके. मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए मौजूदा चेक पोस्टों को और अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाया जाएगा. इसके अलावा सट्टा, जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ भी सख्त अभियान चलाकर कार्रवाई तेज की जाएगी.
भावना पांडे ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आधुनिक पुलिसिंग तकनीकों के साथ जनसहभागिता को भी समान महत्व दिया जाएगा. उनका मानना है कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद व विश्वास स्थापित कर ही सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: भदोही से अयोध्या तक... जहां पोस्टिंग वहां किया कमाल, PM भी कर चुके हैं तारीफ, जानें IAS अफसर विशाल सिंह के बारे में
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं