विज्ञापन

जयपुर में रेड लाइट-ग्रीन लाइट की झंझट ही नहीं! इन भीड़भाड़ वाली सड़कों पर बनेगा सिग्नल-फ्री कॉरिडोर

जयपुर की 4 सबसे व्यस्त रोड पर 'सिग्नल-फ्री' कॉरिडोर की तैयारी चल रही है. इसके बनने के बाद न्यू सांगानेर रोड, महल रोड, बी-2 बायपास और सीकर रोड तक ट्रैफिक जाम और रेड लाइट से मुक्ति मिलेगी.

जयपुर में रेड लाइट-ग्रीन लाइट की झंझट ही नहीं! इन भीड़भाड़ वाली सड़कों पर बनेगा सिग्नल-फ्री कॉरिडोर
जयपुर में न्यू सांगानेर रोड, महल रोड, बी-2 बायपास और सीकर रोड तक सिग्नल-फ्री कॉरिडोर होगा.

जयपुर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या अब जल्द ही दूर होने वाली है. जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने ट्रैफिक जाम से मुक्ति के लिए खास प्लान तैयार किया है. इसके लिए शहर की 4 सबसे व्यस्त सड़कों को चुना गया है. न्यू सांगानेर रोड, महल रोड, बी-2 बायपास और सीकर रोड तक सड़कों को सिग्नल-फ्री कॉरिडोर में बदलने के प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो गया है. इन मार्गों को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जा रहा है, ताकि चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारों और लगने वाले जाम से मुक्ति मिल सके.

12 किमी लंबा कॉरिडोर रेड लाइट और जाम से होगा फ्री

इस मेगा प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद जयपुर एयरपोर्ट से कमला नेहरू नगर पुलिया तक ना तो रेड लाइट होगी और ना ही ट्रैफिक जाम. करीब 12 किलोमीटर लंबा रूट बिना किसी रेड लाइट और जाम के बिल्कुल साफ मिलेगा. जेडीए की इस योजना से शहरवासियों को रोजाना के ट्रैफिक झंझटों से जल्द ही बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

जेडीए के अधिकारियों के अनुसार, न्यू सांगानेर रोड पर 24 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से काम जारी है. जबकि महल रोड पर निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है. कमला नेहरू नगर पुलिया क्षेत्र में भी ट्रैफिक के सुचारू संचालन के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किए जा रहे हैं. 

शहर के अन्य रूट पर भी लागू करने की कवायद

इस प्रोजेक्ट का प्राथमिक लक्ष्य यात्रा के समय को कम करना और परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाना है. सिग्नल-फ्री कॉरिडोर बनने से न केवल यातायात का प्रबंधन बेहतर होगा, बल्कि यह भविष्य की बढ़ती यातायात जरूरतों को भी पूरा करने में सहायक सिद्ध होगा. अगर वर्तमान में चल रहे ये प्रोजेक्ट सफल रहते हैं, तो इसी मॉडल को राजधानी के अन्य व्यस्त मार्गों पर भी लागू किया जाएगा. यह कवायद जयपुर के ट्रैफिक प्रबंधन के लिए एक मील का पत्थर साबित हो सकती है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक स्वरूप में नजर आएगी. 

यह भी पढ़ेंः राजस्थान से पहली बार रेगिस्तान के फल का निर्यात, बीकानेर से बांग्लादेश भेजा गया 11 टन हलावी खजूर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Traffic Signal, Jaipur News, Traffic Management, Rajasthan News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com