रेलवे टिकट रिजर्वेशन के लिए IRCTC की नई वेबसाइट 15 जुलाई, बुधवार से नहीं शुरू होगी. इसके लिए आपको थोड़ा और इंतजार करना होगा. रेलवे सूत्रों के अनुसार, 15 जुलाई से आईआरसीटीसी की बेवसाइट जो अपडेट होने वाली थी, उसमें थोड़ा वक्त और लगेगा. ऐसा नहीं है कि वेबसाइट अब तक तैयार नहीं हुई है. सूत्रों के अनुसार, वेबसाइट पूरी तरीके से बनकर तैयार हो गई है लेकिन अभी अलग-अलग वर्ग के लोगों (Stakeholders) से इसके बारे में सुझाव लिए जा रहें हैं. फीडबैक मिलने के बाद उसको तत्काल वेबसाइट में लागू किया जाएगा और तब जाकर नई वेबसाइट लॉन्च की जाएगी.
IRCTC की नई वेबसाइट के लिए कितना इंतजार करना होगा?
नई वेबसाइट के लिए आपको अभी थोड़ा लंबा इंतजार करना पड़ सकता है. मिली जानकारी के मुताबिक, अब इसके लिए तीन से चार सप्ताह का और इंतजार करना होगा. बताया जा रहा है कि अगस्त के पहले या दूसरे सप्ताह में IRCTC की अपडेटेड वेबसाइट लॉन्च हो सकती है.
ऐसा हुआ तो 6 स्टेप में ही होगी टिकट बुकिंग
जैसा कि बताया गया है कि नई वेबसाइट में कोई कैप्चा नहीं होगा. इसमें 8 स्टेप में टिकट की बुकिंग हो जाएगी. यही नहीं, अगर आपकी आईडी मं इन्फॉर्मेशन पहले से सेव हो तो 6 स्टेप में ही टिकट बुकिंग हो जाएगी.

नई वेबसाइट के खास फीचर्स
नई वेबसाइट का इंटरफेस बहुत क्लीन और लाइटवेट होगा. दावा किया जा रहा है कि इंटरनेट स्पीड कम होने पर भी तेजी से लोड होगी, जिससे बफरिंग या पेज हैंग होने की समस्या नहीं रहेगी.
नई वेबसाइट आप केवल यूजरआईडी और पासवर्ड से लॉगिन कर सकेंगे. आपको टेढ़े-मेढ़े शब्दों वाले कैप्चा कोड को डिकोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. नई वेबसाइट में एडवांस्ड सिक्योरिटी फीचर्स जोड़े जाएंगे, जिससे नॉर्मल बुकिंग के टाइम कैप्चा का झंझट खत्म हो जाएगा.
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, पेमेंट गेटवे को पहले से ज्यादा स्मूथ बनाया है. IRCTC-iPay और UPI पेमेंट ऑप्शंस को एकदम सामने रखा गया है, जिससे पेमेंट फेल होने के चांस नहीं रह जाएंगे.
तत्काल टिकट के लिए दिक्कतें दूर होंगी. सुबह 10 और 11 बजे तत्काल टिकट के लिए स्क्रीन के सामने लोगों को परेशानी नहीं होगी. स्लो इंटरफेस के चलते अक्सर टिकट पहले वेटिंग में चली जाते थी. नई वेबसाइट का सर्वर चूंकि बेहतर होगा, इसलिए मिनटों में कंफर्म टिकट बुक हो सकेगी.
ये भी पढ़ें: ट्रेनों से तौलिया-बेडशीट चोरी रोकने को 2 महीने में रिफॉर्म लाएगा रेलवे, रेल मंत्री अश्विनी ने बताया प्लान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं