- देवास के शहीद पवन यादव को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
- 'पवन तुम शेर हो', पत्नी की बात सुन भावुक हुआ गांव
- बड़े बेटे ने दी मुखाग्नि, वीर सपूत की अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
देवास जिले के ग्राम पोलाय जागीर ने अपने वीर सपूत पवन यादव को नम आंखों से अंतिम विदाई दी. जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पवन यादव का पार्थिव शरीर गुरुवार शाम करीब पौने सात बजे उनके पैतृक गांव पहुंचा, जहां अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा. गांव, क्षेत्र और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग अपने शहीद जवान को श्रद्धांजलि देने पहुंचे. पूरे सैन्य सम्मान के साथ निकली अंतिम यात्रा के दौरान हर आंख नम थी और माहौल भारत माता की जय तथा शहीद पवन यादव अमर रहें के नारों से गूंज उठा.

पत्नी ने कहा- पवन तुम शेर हो...
Photo Credit: NDTV
गांव पहुंचा पार्थिव शरीर, पत्नी ने कहा- पवन तुम शेर हो
शहीद पवन यादव का पार्थिव शरीर गुरुवार शाम उनके पैतृक गांव पोलाय जागीर लाया गया. जैसे ही तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, समाजजन, रिश्तेदार और आसपास के गांवों के लोग एकत्र हो गए. गांव में हर तरफ शोक का माहौल था. लोग अपने वीर सपूत को अंतिम बार देखने और श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए घंटों इंतजार करते रहे. वहीं अंतिम विदाई के दौरान शहीद की पत्नी ने नम आंखों से अपने पति को याद करते हुए कहा, 'पवन तुम शेर हो.' पत्नी के इन शब्दों ने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया. वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं. पिता चतर सिंह यादव, भाई पंकज यादव और अन्य परिजनों ने भारी मन से विदाई दी. अंतिम संस्कार के दौरान उनके बड़े बेटे हित ने मुखाग्नि दी. भारतीय सेना और पुलिस के जवान भी मौजूद रहे. शहीद जवान को पूरे सैन्य सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.

सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
Photo Credit: NDTV
छुट्टी पर घर आने वाले थे पवन
NDTV से बात करते हुए शहीद के परिजनों ने कहा कि पवन यादव जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना में तैनात थे. मंगलवार को ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में वे शहीद हो गए. परिवार के लिए सबसे दर्दनाक बात यह रही कि पवन यादव 28 दिनों की छुट्टी लेकर घर आने वाले थे. परिवार उनके स्वागत की तैयारी कर रहा था, लेकिन इससे पहले ही उनके शहीद होने की खबर पहुंच गई.
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया नमन
शहीद पवन यादव को श्रद्धांजलि देने के लिए क्षेत्रीय सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक डॉ. राजेश सोनकर, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और पूर्व विधायक राजेंद्र वर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि पहुंचे. वहीं कलेक्टर नेहा मीना, एसडीएम आनंद मालविया, तहसीलदार नेहा शाह, नायब तहसीलदार जागृति जाट और एसडीओपी राहुल खरे सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
यह भी पढ़ें : 4 बहनों का इकलौता भाई शहीद, कौन थे कमांडो अजय कुमार भगत, जो हरियाणा से हुए लापता, UP में मिला शव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं