BJP MLA Pradeep Agrawal Viral Video: मध्य प्रदेश से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. दतिया जिले के सेवढ़ा क्षेत्र में आयोजित हो रही भागवत कथा में एक ऐसी विचित्र घटना घटी थी कि जिसका वीडियो वायरल हुआ तो चर्मा में आ गया. दरअसल, सेवढ़ा के भाजपा विधायक प्रदीप अग्रवाल (Sewda MLA) के साथ एक संत ने कथित रूप से अभद्र व्यवहार कर दिया. विधायक कथा में शामिल होने पहुंचे थे. इसी दौरान भिंड जिले के नसरोल से आए संत सीताराम बाबा भी कार्यक्रम में उपस्थित थे.
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि संत सीताराम बाबा ने विधायक प्रदीप अग्रवाल को आशीर्वाद देने के बजाय उन पर हाथ उठा दिया. उन्होंने कथित रूप से विधायक को कई बार धक्का दिया और माला भी फेंक दी. इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों में भी असमंजस की स्थिति बन गई. आरोप है कि संत ने विधायक पर घूंसे भी बरसाए.
वीडियो के बाद चर्चाएं शुरू
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि संत का यह व्यवहार आशीर्वाद का हिस्सा था या फिर किसी नाराजगी का परिणाम. लेकिन वीडियो के सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि संत सीताराम बाबा को परमहंस श्रेणी का संत माना जाता है. ऐसे में उनका इस तरह का व्यवहार लोगों को हैरान कर रहा है. फिलहाल इस मामले पर किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
(दतिया से मनोज गोस्वामी की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें- एमपी में विधायक के बेटे ने थार से पांच लोगों को कुचला, फिर दिखाई दबंगई; पुलिस ने दर्ज की FIR
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं