मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में रक्षाबंधन पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. आगरा-मुंबई हाइवे (ब्यावरा के भोपाल बायपास) पर 90 डिग्री के खतरनाक घुमावदार ब्रिज पर एक स्लीपर कोच बस अचानक अनियंत्रित होकर रगड़ाते हुए चली गई. इस दौरान नींद में सो रहे यात्री संभल नहीं पाए और स्लीपर बस की अपर बर्थ के कांच टूटकर नीचे गिरते चले गए. हादसे में अब तक 4 यात्रियों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
मार्निंग वॉक पर निकले लोगों के सामने घटी घटना
पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 7:35 बजे हुआ. घूमने निकले लोगों ने बताया कि बस 90 डिग्री के घुमावदार ब्रिज पर तिरछी होकर बुरी तरह रगड़ाती गई. इस दौरान तीन यात्री नींद में अपर बर्थ से कांच तोड़ते हुए नीचे आ गिरे. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी.
एंबुलेंस देरी से पहुंची
हादसे की जानकारी मिलते ही राजगढ़ एसपी अमित तोलानी और एसडीएम गोविंद दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कराया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. हालांकि एंबुलेंस करीब 30 मिनट देरी से मौके पर आई.
रक्षाबंधन पर खजराना गणेश को अर्पित की 40x40 इंच की भव्य राखी, वंदे मातरम् के 150 साल की दिखी झलक
त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं
रक्षाबंधन के दिन हुए इस हादसे से घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई. यात्री अपने घर पर्व मनाने जा रहे थे, लेकिन हादसे के बाद महिलाएं और बच्चे बदहवास हो गए. अस्पताल में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की टीम प्राथमिकता के आधार पर घायलों का इलाज कर रही है. पुलिस ने घायल यात्रियों के परिजनों को मोबाइल पर हादसे की सूचना दे दी है, जिसके बाद कुछ परिजन अस्पताल भी पहुंच चुके हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं