टीम इंडिया के युवा क्रिकेटर अभिषेक शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे और आखिरी टी20I में विस्फोटक बल्लेबाजी से जमकर कहर बरपाया. अभिषेक ने सिर्फ 30 गेंदों पर किसी भारतीय बैट्समैन द्वारा बनाया गया सबसे तेज T20 इंटरनेशनल शतक लगाया. बाएं हाथ के इस ओपनर ने तूफानी पारी में 11 छक्के और नौ चौके लगाए और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का सबसे तेज T20I शतक बनाने का रिकॉर्ड तोड़ा, जो उन्होंने दिसंबर 2017 में श्रीलंका के खिलाफ बनाया था।
अभिषेक का शतक टेस्ट खेलने वाले देश के खिलाफ किसी भी बैट्समैन का सबसे तेज शतक भी है. उन्होंने भारतीय पारी के नौवें ओवर में एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया. यह पारी अभिषेक की सबसे छोटे फॉर्मेट में तीसरी सेंचुरी थी, जिसमें 12 हाफ-सेंचुरी शामिल हैं.
सिर्फ 6 ओवर में छूआ 100 रनों का आंकड़ा
अभिषेक की तूफानी बल्लेबाजी के बूते भारतीय टीम ने 100 रनों का आंकड़ा सिर्फ 6 ओवर में छू लिया. अर्धशतक पूरा करने के बाद भी अभिषेक ने अपनी तूफानी बैटिंग जारी रखी और सिर्फ 30 गेंदों में शतक पूरा किया.
अभिषेक ने ध्यान मुद्रा में मनाया जश्न
सेंचुरी पूरी करने के बाद अभिषेक ने मैदान पर बैठकर ध्यान मुद्रा में जश्न मनाया, जबकि स्टैंड्स में मौजूद उनके पिता और भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर भी इस खास पारी का आनंद लेते नजर आए.
सबसे तेज़ T20I शतक का रिकॉर्ड
- 27 - साहिल चौहान (एस्टोनिया) बनाम साइप्रस, एपिस्कोपी, 2024
- 29 - मुहम्मद फहद (तुर्की) बनाम बुल्गारिया, सोफिया, 2025
- 30 - अभिषेक शर्मा (भारत) बनाम अफगानिस्तान, दिल्ली, 2026
- 33 - जान निकोल लॉफ्टी-ईटन (नामीबिया) बनाम नेपाल, कीर्तिपुर, 2024
- 33 - सिकंदर रजा (जिम्बाब्वे) बनाम गाम्बिया, नैरोबी (रुआराका), 2024
- 33 - फिन एलन (दक्षिण अफ्रीका) बनाम न्यूजीलैंड, कोलकाता, 2026
- भारत का पिछला सबसे तेज शतक: रोहित शर्मा (35 गेंद) बनाम श्रीलंका, इंदौर, 2017
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं