मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दौरा खास रहा. इस दौरान उन्होंने सेहरिया आदिवासी समाज के युवाओं से मुलाकात कर न सिर्फ उनका हाल जाना, बल्कि चीता प्रोजेक्ट के जरिए मिल रहे रोजगार के अवसरों पर भी चर्चा की. राष्ट्रपति का यह संवाद उन युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा बनकर सामने आया, जो इस परियोजना से जुड़कर अपनी जिंदगी बदल रहे हैं.
कूनो पहुंचकर युवाओं से की मुलाकात
दो दिवसीय दौरे पर कूनो नेशनल पार्क पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को सेहरिया समाज के 10 युवक-युवतियों से मुलाकात की. ये सभी युवा चीता मित्र, नेचर गाइड और ट्रैकिंग टीम का हिस्सा बनकर इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में अपनी भूमिका निभा रहे हैं.
चीता प्रोजेक्ट बना रोजगार का जरिया
राष्ट्रपति ने बातचीत के दौरान कहा कि चीता प्रोजेक्ट सिर्फ वन्यजीव संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं. उन्होंने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आने वाले समय में इस परियोजना से और बेहतर संभावनाएं खुलेंगी.
युवाओं के काम की सराहना
राष्ट्रपति मुर्मू ने चीता मित्र गाइड और ट्रैकिंग टीम में काम कर रहे युवाओं के प्रयासों की खुलकर सराहना की. उन्होंने कहा कि ये युवा न केवल चीतों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रहे हैं, बल्कि अपने क्षेत्र के विकास की दिशा में भी योगदान दे रहे हैं.
राष्ट्रपति से मिलकर खुश हुए युवा
इस मुलाकात से सेहरिया समाज के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला. टिकटोली गेट पर नेचर गाइड के रूप में काम कर रही नंदनी और पिछले तीन साल से चीता मित्र के रूप में जुड़े संग्राम ने बताया कि जिन राष्ट्रपति को वे अब तक टीवी और अखबारों में देखते थे, आज उनसे आमने-सामने मिलने का मौका मिला.
NDTV से बातचीत में साझा की खुशी
NDTV के रिपोर्टर अजय राठौर ने हथेड़ी गांव पहुंचकर नंदनी और संग्राम से बात की. दोनों ने इस अनुभव को अपने जीवन का यादगार पल बताया और कहा कि चीता प्रोजेक्ट से जुड़ने के बाद उनकी जिंदगी में सकारात्मक बदलाव आया है. कुनो में चल रहा चीता प्रोजेक्ट अब सिर्फ वन्यजीव संरक्षण की कहानी नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं के सशक्तिकरण की मिसाल भी बनता जा रहा है. राष्ट्रपति का यह संवाद इस पहल को और मजबूती देने वाला माना जा रहा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं