- खाना खा रहे चौकीदार को पीटा, शराब-आइसक्रीम लाने से मना करने पर भड़का सिपाही.
- सतना जिले के कोलगवां थाने में तैनात है पुलिसकर्मी.
- वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा, लोग कार्रवाई की मांग कर रहे.
मध्य प्रदेश के सतना जिले में खाकी की दबंगई देखने को मिली है. सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित होटल प्रतिहार में शराब और आइसक्रीम लाने से मना करने पर एक पुलिसकर्मी ने होटल के चौकीदार के साथ मारपीट कर दी. जिस समय पुलिसकर्मी उसे यह लाने को कहा था, उस समय वह खाना खा रहा था. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चौकीदार के साथ मारपीट की जा रही है. मामले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है. पीड़ित ने मामले की शिकायत दर्ज कराई है.
जानकारी के अनुसार, घटना 24 अगस्त की शाम साढ़े 6 बजे की है. जब घटना हुई थी तो होटल बंद था और संचालक काउंटर बंद कर घर जा चुके थे. मौके पर केवल चौकीदार रामदेव प्रजापति (40) मौजूद था, चित्रकूट जिले के मानिकपुर का रहने वाला है.
गाल पर मारा थप्पड़
शाम होने के बाद रामदेव खाना खा रहा था. इसी दौरान कोलगवां थाना में तैनात पुलिसकर्मी राहुल सिंह होटल पहुंचा और चौकीदार से शराब लाने को कहा, जब उसने मना किया तो आइसक्रीम लाने को कहने लगा. आरोप है कि चौकीदार ने खाना खाने की वजह से लाने को मना कर दिया, जिसके बाद दोनों में विवाद हुआ और इतने में पुलिस वाले ने रामदेव के गाल पर थप्पड़ मार दिया.
इतने में मौके पर अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंच गए और बीचबचाव कराया. अब घटना को लेकर चौकीदार की ओर से कार्रवाई की मांग की गई है. हालांकि, पुलिस की ओर से इस मामले में आधिकारिक रूप से क्या कार्रवाई की गई है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.
ये भी पढ़ें- 96 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रहा बुजुर्ग दंपती, पुलिस अफसर से लेकर जज तक सभी ने किया कॉल, जालसाजों ने ठगे 22 लाख
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं