Student Suicide after Failed in Board Exam: मध्य प्रदेश बोर्ड परीक्षा का परिणाम आने के बाद छिंदवाड़ा जिले में रहने वाली एक 10वीं की छात्रा ने आत्महत्या कर ली. छात्रा के इस कदम से परिवार में शोक का माहौल है. वहीं, उज्जैन जिले में भी परिणाम आने के बाग 12वीं की एक छात्रा ने कुछ ऐसा ही कदम उठाने की कोशिश की. उसने एक ब्रिज से छलांग लगा दी, गनीमत रही कि वह बच गई.
तीन विषयों में फेल हुई थी 10वीं की छात्रा
दरअसल, छिंदवाड़ा के परासिया तहसील की 17 वर्षीय छात्रा सानिया ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना शहर के मोहन नगर इलाके की है. वह कुछ समय से अपने नाना-नानी के घर रह रही थी. सानिया मालवी की बहन इशिता मालवीय ने बताया कि परीक्षा परिणाम परिणाम घोषित होने से पहले सानिया का व्यवहार सामान्य था, लेकिन 10th का रिजल्ट आने के बाद उसने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया था और फांसी लगा ली. मृतका की बहन ने बताया कि सानिया कक्षा-10 में 3 विषयों में फेल हो गई थी. इसके बाद उसने यह कदम उठा लिया. सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
सहेलियों के साथ देखने गई रिजल्ट, परिमाण के बाद...
वहीं, उज्जैन जिले के नानाखेड़ा क्षेत्र की लोहार पट्टी निवासी 18 वर्षीय छात्रा बुधवार को अपनी सहेली के साथ एमपी ऑनलाइन सेंटर पर रिजल्ट देखने गई थी. यहां एक विषय में पूरक (सप्लीमेंट्री) आने का पता चलते ही वह विचलित हो गई, लेकिन उसने अपनी सहेली को घर छोड़ा और खुद घर जाने की बात कहकर निकल गई. इसके बाद वह दोपहर को ही में गोपालपुरा स्थित मक्सी रोड ब्रिज पहुंची और वहां से कूद गई. यह देख स्थानीय लोगों और सहेली ने तुरंत उसे निजी अस्पताल पहुंचाया.
पुलिस दर्ज करेगी बयान
पंवासा थाना पुलिस के अनुसार, छात्रा के बयान दर्ज कर लिए गए हैं. हादसे में उसका एक हाथ और एक पैर फ्रैक्चर हुआ है. उसे देर रात अस्पताल में भर्ती कराया है. छात्रा ने प्रारंभिक बयान में बताया है कि पूरक आने के कारण उसने यह कदम उठाया. फिलहाल मामले की जांच जारी है, डॉक्टरों के अनुसार, छात्रा की हालत स्थिर बनी हुई है.
Morena Student died after Result: मुरैना में भी 12वीं के छात्र ने की आत्महत्या
मध्य प्रदेश के मुरैना में एक छात्र ने कथित रूप से गोली मारकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने बताया कि वह माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में फेल हो गया था. अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान अंबाह शिक्षा विभाग में कार्यरत और शहर के महावीरपुरा क्षेत्र निवासी काशैलेंद्र दंडोतिया के बेटे ऋतिक दंडोतिया (20) के रूप में हुई है. उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया. पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, ऋतिक ने 12वीं की परीक्षा दी थी, लेकिन भौतिकी, रसायन शास्त्र और गणित में फेल हो गया. बताया जाता है कि इसी बात से आहत होकर उसने देसी कट्टे से खुद को गोली मार ली.
बता दें कि मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं और बारहवीं कक्षाओं का परीक्षा परिणाम बुधवार दोपहर को घोषित हुआ था. दसवीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम 73.42 प्रतिशत एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम 76.01 प्रतिशत रहा.
ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश: आंबेडकर जयंती पर थाने में घुसकर बवाल मचाने और तोड़फोड़ करने वालों पर एक्शन, 4 आरोपी गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं