MP Board 10th 12th Second Board Exam: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने 10वीं और 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया है. खुद सीएम मोहन यादव ने रिजल्ट जारी किया और बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस साल के नतीजे बेहतर रहे हैं. इस बार 12वीं में कुल 76.01 छात्र-छात्राएं पास हुए हैं और 10वीं का रिजल्ट 73.4% रहा है. रिजल्ट जारी करने के बाद सीएम ने ये भी बताया कि जिन छात्रों के कम नंबर आए हैं या फिर जो फेल हुए हैं, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है. इस बार 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं दो बार आयोजित की जाएंगीं. मध्य प्रदेश पहला ऐसा राज्य है, जहां दोनों बोर्ड परीक्षाएं दूसरी बार होंगीं. आइए जानते हैं कि कौन इस दूसरी बोर्ड परीक्षा में शामिल हो सकता है और इसके नियम क्या हैं.
छात्रों का साल नहीं होगा बर्बाद
कम नंबर आने पर कई छात्र निराश हो जाते हैं, सबसे ज्यादा निराश वो छात्र होते हैं, जिनका पूरा साल खराब हो जाता है. ऐसे में उनके लिए बड़ा मौका दिया गया है. ऐसे छात्रों को मई में सुधार का दूसरा मौका मिलेगा. सीबीएसई ने सिर्फ 10वीं में ये टू बोर्ड एग्जाम वाला सिस्टम रखा है, लेकिन एमपी में 12वीं के छात्र भी दोबारा बोर्ड परीक्षा दे सकते हैं. किसी वजह से अगर पहली बोर्ड परीक्षा में छात्र अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए या एक-दो विषयों में फेल हो गए हैं तो उनके पास अपना साल बचाने का दूसरा मौका होगा.
क्या हैं टू बोर्ड एग्जाम के नियम?
- छात्र जिन विषयों में फेल हुए हैं, दूसरे बोर्ड एग्जाम में उन्हें चुनना अनिवार्य होगा.
- जो छात्र पास तो हो गए हैं लेकिन अपने प्रतिशत से खुश नहीं हैं, वे भी बेहतर स्कोर के लिए दोबारा परीक्षा दे सकते हैं.
- जो छात्र अच्छे नंबरों से पास हुए हैं, उनके लिए दूसरी बोर्ड परीक्षा देना अनिवार्य नहीं है.
- दोनों में से जिस परीक्षा में ज्यादा नंबर हासिल किए जाएंगे, उसी हिसाब से फाइनल मार्कशीट तैयार होगी.
ये हैं जरूरी तारीखें
एमपी बोर्ड की तरफ से रिजल्ट जारी होने के साथ ही दूसरे बोर्ड एग्जाम के लिए रजिस्ट्रेशन खोल दिए गए हैं. इसके लिए छात्रों को सात दिन का वक्त दिया गया है. परीक्षा का टाइम टेबल पहले ही जारी कर दिया गया था.
- कक्षा 10वीं: 7 मई से 19 मई 2026 तक
- कक्षा 12वीं: 7 मई से 25 मई 2026 तक
- समय: सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक (रिपोर्टिंग टाइम सुबह 8:00 बजे)
कैसे कर सकते हैं आवेदन?
दूसरे बोर्ड एग्जाम देने वाले छात्रों को आवेदन के लिए आआधिकारिक पोर्टल mpbse.mponline.gov.in पर जाकर अपना रोल नंबर डालना होगा और निर्धारित शुल्क जमा करना होगा. इसके साथ ही उन विषयों का चयन भी करना होगा, जिनकी परीक्षा दोबारा देना चाहते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं