मध्य प्रदेश में मौसम अचानक जानलेवा रूप ले बैठा. राजधानी भोपाल समेत कई जिलों में जहां तेज बारिश ने गर्मी से राहत दी, वहीं आकाशीय बिजली और तेज आंधी ने कई जगह तबाही मचा दी. छिंदवाड़ा में बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए. शिवपुरी, रतलाम और आसपास के इलाकों में भी तेज हवाओं और बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया.
भोपाल सहित कई जिलों में बदला मौसम का मिजाज
शनिवार शाम को भोपाल, शिवपुरी, रतलाम और झाबुआ समेत कई जिलों में अचानक मौसम बदल गया. तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई. भोपाल में रात के समय गरज-चमक के साथ हुई बारिश से कई इलाकों में बिजली सप्लाई भी बाधित रही. लंबे समय से गर्मी झेल रहे लोगों को बारिश से जरूर राहत मिली, लेकिन कई जगह दिक्कतें भी बढ़ गईं.
बिजली गिरने से चार लोगों की मौत
छिंदवाड़ा जिले में आकाशीय बिजली ने कहर बरपाया. अलग-अलग घटनाओं में कुल चार लोगों की जान चली गई. बैहर थाना क्षेत्र के भमोड़ी गांव के पास बिजली गिरने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. वहीं गढ़ी थाना क्षेत्र के कोमो गांव में एक महिला की बिजली गिरने से मौत हो गई. इन घटनाओं में कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज जारी है.
सीहोर और दमोह में भी दिखा असर
सीहोर में दो युवकों और दमोह में एक युवक की मौत की खबर सामने आई है. वहीं पांढुर्णा में भी एक किसान की जान आकाशीय बिजली गिरने से चली गई. इसके अलावा सात लोग झुलस गए, जिनमें चार बच्चे भी शामिल हैं. इसने लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है.
शिवपुरी में आंधी का तांडव
शिवपुरी जिले के सुभाषपुरा क्षेत्र में तेज आंधी ने भारी नुकसान पहुंचाया. तेज हवाओं की वजह से एक मकान और हाईवे किनारे बना ढाबा पूरी तरह ढह गया. कई जगह पेड़ जड़ से उखड़ गए और कच्चे मकानों की दीवारें गिर गईं. गांवों में लोगों को काफी नुकसान झेलना पड़ा, हालांकि राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई.
रतलाम में जलभराव, रास्ते हुए बंद
रतलाम में मूसलाधार बारिश से हालात बिगड़ गए. शहर के कई अंडरब्रिज और सड़कें पानी से भर गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ. लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ी और कई जगह लंबा जाम भी देखा गया. लगातार खराब होते मौसम को देखते हुए प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रही है. बिजली व्यवस्था बहाल करने और रास्तों को साफ कराने का काम जारी है. प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव के प्रयास तेज किए गए हैं.
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में मानसून भोपाल और उज्जैन संभाग की ओर तेजी से बढ़ सकता है. अधिकारियों ने लोगों से सावधानी बरतने, खासकर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील की है, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं