पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वाह में एक बड़ा आत्मघाती धमाका हुआ है. इस धमाके में कई लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हमला खैबर पख्तूनख्वाह के पेशावर में हुआ है. पाकिस्तानी न्यूज वेबसाइट 'द डॉन' की रिपोर्ट के मुताबिक, इस धमाके में 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 5 पुलिसकर्मी शामिल हैं.
रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी ने बताया कि बम धमाके की सूचना मिलने के बाद टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है. वहीं, आतंकियों के साथ गोलीबारी जारी है.
वहीं, 'जियो न्यूज' ने जिला अस्पताल के डॉ. एमएस ताहिर अली शाह के हवाले से बताया कि धमाके के बाद 15 शव और 50 से ज्यादा घायल लोगों को अस्पताल लाया गया.
पुलिस ने बताया कि घायलों में ज्यादातर नमाज पढ़ने वाले लोग थे और धमाके की वजह से मस्जिद के बाहर एक गड्ढा बन गया.
कहां हुआ धमाका?
ये धमाका कोहाट पुलिस लाइंस में स्थित एक मस्जिद के अंदर हुआ. इस धमाके में 16 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है. मारे गए लोगों में 5 पुलिसकर्मी और 11 आम नागरिक हैं. जानकारी के मुताबिक, मस्जिद में जिस वक्त जुमे की नमाज हो रही थी, ठीक उसी वक्त धमाका हुआ.
कैसे हुआ धमाका?
इस धमाके को लेकर शुरुआती रिपोर्ट्स में माना जा रहा था कि विस्फोटक से लदी एक कार मस्जिद से टकराई. हालांकि, बाद में आईजी ने दूसरा बयान जारी कर साफ किया कि यह आत्मघाती हमला था.
किसने किया धमाका?
इस धमाके की जिम्मेदारी अब तक किसी संगठन ने नहीं ली है. हालांकि, पुलिस ने इसके पीछे तहरीक-ए-तालिबान का हाथ बताया है.
धमाके बाद आंतकियों से गोलीबारी
आईजी ने अपने बयान में कहा है कि धमाके के बाद हथियारों से लैस आतंकवादियों के साथ गोलीबारी हुई है.
आईजी हमीद ने कहा, 'पुलिस आतंकवाद के खिलाफ एक मजबूत दीवार की तरह खड़ी है. कायरतापूर्ण हमले हमारे इरादों को तोड़ नहीं सकते.'
बयान में उनके हवाले से कहा गया, 'शहीदों का खून बेकार नहीं जाएगा. आतंकवादियों और उनके मददगारों का अंजाम बहुत बुरा और मिसाल बनने वाला होगा.'
पाकिस्तान के पेशावर में मस्जिद के अंदर धमाका हुआ है. जिस वक्त धमाका हुआ, उस वक्त नमाज पढ़ी जा रही थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं