देश में जेन-जी और जेन-अल्फा का विरोध-प्रदर्शन, उनकी नाराजगी लगातार देखने को मिल रही है. ऐसे में मध्यप्रदेश में इन युवाओं के बीच संवाद और जुड़ाव बढ़ाने के लिए भाजपा और संगठन ने नए सिरे से कवायद शुरू की है. पार्टी का फोकस प्रदेश के 31.4 फीसदी जेन जी (युवा वर्ग) मतदाताओं पर है. इसके लिए भाजपा संगठन और सरकार ने अलग-अलग स्तर पर स्कूल-कॉलेज, छात्रावासों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तक पहुंच बनाने की तैयारी में है, जिसके के लिए सरकार के मंत्रियों, पार्टी विधायकों और सांसदों को युवा संवाद की जिम्मेदारी दी जा रही है.
मंत्री, सांसद और विधायक जाएंगे हॉस्टल-कॉलेज
दरअसल, भाजपा सरकार और उसका संगठन जेन-जी की बढ़ती नाराजगी को लेकर चिंतित है. इस नाराजगी को कम करने के लिए भाजपा अलग-अलग स्तर पर रणनीति बना रही है. जिसके तहत प्रदेश के सभी मंत्रियों, सांसद और विधायकों को शैक्षणिक संस्थानों में जाकर युवाओं से संवाद करने के लिए कहा गया है. वहीं, मप्र भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल प्रदेश के जिलों के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ मुलाकात करेंगे. पार्टी संगठन भी प्रमुख शहरों में जेन-जी से संवाद की योजना बना रहा है. भाजपा की युवा मोर्चा टीम भी इसे लेकर मैदान में उतरने की तैयारी में है.
युवाओं के बदले ट्रेंड से सभी पार्टियां परेशान
युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर फोकस
मध्य प्रदेश सरकार सिर्फ युवाओं तक पहुंच बनाने पर ही काम नहीं कर रही है, बल्कि उनसे जुड़ी योजनाओं और कौशल विकास कार्यक्रमों को भी प्राथमिकता देने की तैयारी में है. साथ ही, पार्टी की ओर से संगठन में भी युवाओं को प्रतिनिधित्व देने की कवायद शुरू हो गई है. युवाओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया और युवा मोर्चा को सक्रिय किया गया है. प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के सभी जिलों में युवा, जेन-जी और जेन-अल्फा से संवाद के कार्यक्रम बनाए जा रहे हैं. भाजपा की बदली रणनीति जल्द ही जमीन पर दिखाई देगी.
कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना
भाजपा की इस बदली रणनीति पर कांग्रेस हमलावर हो गई. कांग्रेस प्रवक्ता अवनीश बुंदेला ने बीजेपी की तैयारी पर सवाल उठाते हुए कहा- इन्फ्लुएंसर को साधने से कुछ होने वाला नहीं है. भाजपा को जमीन पर काम करना होगा. वहीं, राजनैतिक विश्लेषक धनंजय प्रताप सिंह ने कहा- भाजपा का अपनी राणनीति को धरातल पर कैसे उतारेगी? यह काम इतना आसान नहीं है, क्योंकि जेन जी सबसे ज्यादा सवाल बीजेपी से ही कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं