Chicken in Police Lockup MP: एमपी की छतरपुर में पुलिस की कार्यशैली पर उस वक्त सवाल खड़े हो गए जब एक अजीब मामला सामने आया. हवालात में अपराधियों की जगह मुर्गी कैद कर दी. “अजब एमपी, गजब पुलिस” वाली कहावत इस घटना पर एकदम फिट बैठती है. लॉकअप को ही ‘दड़बा' बना दिया और इसका वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर पुलिस मजाक का विषय बन गई.
वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप
मामला लवकुशनगर थाना क्षेत्र की अक्टोहा पुलिस चौकी का है. यहां के लॉकअप का एक 38 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बंदी गृह के अंदर एक मुर्गी आराम से घूम रही है, जबकि लॉकअप बाहर से बंद है. वीडियो बना रहे व्यक्ति की आवाज भी साफ सुनाई देती है, जो कहता है कि “ये देखो अक्टोहा चौकी का हाल, यहां मुर्गी को हवालात की हवा खिलाई जा रही है.”
एमपी की छतरपुर में पुलिस की कार्यशैली पर उस वक्त सवाल खड़े हो गए जब एक अजीब मामला सामने आया. हवालात में अपराधियों की जगह मुर्गी कैद कर दी. “अजब एमपी, गजब पुलिस” वाली कहावत इस घटना पर एकदम फिट बैठती है. लॉकअप को ही ‘दड़बा' बना दिया और इसका वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर पुलिस… pic.twitter.com/vCT5aRQa2f
— NDTV MP Chhattisgarh (@NDTVMPCG) May 15, 2026
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि चौकी में अक्सर रात के समय पार्टी होती है. ग्रामीणों ने दावा किया कि पुलिसकर्मियों ने ‘मुर्गा पार्टी' के लिए किसी से मुर्गी मंगवाई थी और उसे भागने से रोकने के लिए लॉकअप में बंद कर दिया. उनके मुताबिक, “कल शाम को एक आदमी मुर्गी लेकर आया था, सुबह इसका वीडियो वायरल हो गया. अपराधी बाहर घूम रहे हैं और मुर्गी अंदर बंद है.”
लॉक अप बना ‘दड़बा', पुलिस की किरकिरी
इस घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं. जिस जगह अपराधियों को रखा जाता है, उसे इस तरह इस्तेमाल करने से लोगों में नाराजगी भी है. सोशल मीडिया पर भी लोग तंज कस रहे हैं कि जहां अपराधियों को होना चाहिए, वहां मुर्गियां कैद हैं और यही हाल व्यवस्था का है. वीडियो के कारण पुलिस विभाग की छवि पर भी असर पड़ा है.
चौकी प्रभारी ने दी सफाई
मामला तूल पकड़ने के बाद अक्टोहा चौकी प्रभारी सामने आए और उन्होंने अपनी सफाई पेश की. उनका कहना है कि मुर्गी किसी ग्रामीण की थी, जो रास्ता भटककर चौकी परिसर में आ गई थी. उन्होंने बताया कि उसे सुरक्षित रखने के लिए अस्थायी रूप से लॉकअप में बंद किया गया था, ताकि वह कहीं भाग न जाए या किसी को नुकसान न पहुंचे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं