MHA TET Paper Leak: महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद की डिप्टी कमिश्नर प्रिया शिंदे ने कहा कि TET पेपर लीक से प्रभावित उम्मीदवारों को दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं है. किसी भी उम्मीदवार से कोई अतिरिक्त रजिस्ट्रेशन फीस नहीं ली जाएगी. स्थगन के बाद मीडिया से बात करते हुए शिंदे ने कहा कि इसमें उम्मीदवारों की कोई गलती नहीं है और इस घटना के कारण उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी.
3 लोगों पर हो चुकी है FIR
शिप्रा शिंदे ने आगे कहा कि पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. अब तक तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की जा चुकी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है. परीक्षा परिषद के अनुसार, पुणे स्थित परिषद द्वारा आयोजित परीक्षा का प्रश्न पत्र ठाणे और भिवंडी में लीक हुआ था. जिसके कारण रविवार को होने वाली यह परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही कथित तौर पर प्रश्न पत्र लीक हो जाने के कारण स्थगित कर दी गई.
दोबारा परीक्षा में 3 हफ्ते का समय लग सकता है
बता दें कि यह परीक्षा महाराष्ट्र में 37 जगहों पर 1,728 केंद्रों पर आयोजित की जानी थी, जिसमें लगभग 6,12,500 उम्मीदवारों के शामिल होने की उम्मीद थी. शिंदे ने कहा कि परीक्षा की नई तारीख और संशोधित कार्यक्रम की घोषणा जल्द ही की जाएगी. उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है और जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. परीक्षा दोबारा आयोजित करने की लॉजिस्टिकल चुनौती के बारे में बताते हुए शिंदे ने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर परीक्षा आयोजित करने की प्रक्रिया में लगभग तीन सप्ताह का समय लगता है.
यह भी पढ़ें- अब महाराष्ट्र में TET का पेपर लीक, टाली गई 28 जून की परीक्षा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं