विज्ञापन

Monsoon: एक जगह रुका मानसून, MP के 40 जिलों में नहीं पहुंचा, आधे छत्तीसगढ़ को भी इंतजार, क्या कह रहा मौसम विभाग

बीते 6 दिनों से मानसून एक ही जगह पर ठहरा हुआ है. इस वजह से छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के बाकी जिलों को कवर नहीं कर सका. इसके अलावा यूपी-NCR समेत अन्य राज्यों में भी मानसून की दस्तक नहीं हो पायी. हालांकि इन राज्यों को थोड़ा और इंतजार करना होगा.

Monsoon: एक जगह रुका मानसून, MP के 40 जिलों में नहीं पहुंचा, आधे छत्तीसगढ़ को भी इंतजार, क्या कह रहा मौसम विभाग
करना होगा थोड़ा और इंतजार, मानसून की रफ्तार धीमी हो गई.

Chhattisgarh-Madhya Pradesh Monsoon 2026: छत्तीसगढ़ में 23 जून और मध्य प्रदेश में 24 जून को मानसून (Monsoon 2026) ने एंटर किया था. वहीं एंट्री के साथ ही एमपी के15 जिले को मानसून ने कवर कर लिया था, लेकिन इसके बाद मानसून एक ही जगह ठहर गया और इसकी रफ्तार धीमी हो गई, जिसके चलते बीते सात दिनों में मानसून छत्तीसगढ़ के पूरे हिस्सों को कवर नहीं कर पाया. वहीं अब तक मध्य प्रदेश के 40 जिलों में एंट्री नहीं हो पाई है. हालांकि इन जिलों वासियों को थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा. 

40 जिलों में मानसून की बेसब्री से इंतजार

मौसम विभाग के अनुसार, 24 जून को एमपी के 15 जिले- बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अलीराजपुर, इंदौर, धार और हरदा में मानसून की दस्तक हो चुकी है. वहीं राजधानी भोपाल, ग्वालियर समेत 40 जिलों में मानसून का इंतजार है. इधर, छत्तीसगढ़ के कोरिया में भी किसान बेसब्री से मानसून की इंतजार रहे हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

एक ही जगह पर ठहरा मानसून, जानें कब आगे बढ़ने की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, 28 जून तक मानसून सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज, मोतिहारी से होकर गुजर रही है. अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बाकी हिस्सों, और उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल हैं. इसके बाद के 2-3 दिनों में इसके मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के कुछ और हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और दक्षिण-पूर्व राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी आगे बढ़ने की संभावना है.

MP के 6 जिलों में भारी बारिश

मानसून की लंबी इंतजार के बीच प्रदेश के अधिकांश जिलों में प्री मानसून सक्रिय है, जिसके चलते राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो रही है. इस बीच मौसम विभाग भोपाल ने सोमवार, 29 जून के लिए प्रदेश के छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं राजधानी भोपाल, इंदौर समेत अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

इन जिलों के लिए येलो अलर्ट

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, मंडला, उज्जैन, देवास और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट है. जबकि भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रायसेन, सीहोर, छतरपुर, राजगढ़, विदिशा, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, शाजापुर, नर्मदापुरम, बैतूल, खरगोन, रतलाम, आगर-मालवा, हरदा, शिवपुरी, अशोकनगर, कटनी, नरसिंहपुर, गुना, सिवनी, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह और टीकमगढ़ में तेज बारिश का येलो अलर्ट है. वहीं ग्वालियर, भिंड, निवाड़ी, श्योपुर, मुरैना, नीमच और मंदसौर में बूंदाबांदी देखने को मिलेगा. 

इन जिलों पर मानसून मेहरबान

24 जून को बड़वानी जिले में मानसून की दस्तक हुई है और अब मानसून यहां मेहरबान हो गया है. जिले के कई इलाकों में हुई झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं और खेतों में बुवाई का काम तेज हो गया है. हालांकि तेज बारिश से कुछ जगहों पर नुकसान भी हुआ है. पलसूद क्षेत्र के वेदपुरी गांव में एक किसान का मकान ढह गया, जिसमें दबकर एक गाय की मौत हो गई. हालांकि घटना के समय परिवार के सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया. वहीं पाटी के बोकराटा क्षेत्र में नदी-नाले उफान पर आने से पुलिस को सुरक्षा के लिए मोर्चा संभालना पड़ा.

नदी-नाले उफान पर

इधर, पाटी के बोकराटा-चौकी मार्ग पर लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए. पुल के ऊपर से पानी बहने लगा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. बसें और दोपहिया वाहन किनारे खड़े रहे और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिसकर्मियों ने पुल पर निगरानी करते हुए लोगों को जान जोखिम में डालकर पुल पार नहीं करने की समझाइश दी.

चौकी प्रभारी आशीष शर्मा ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दे.

2-3 दिनों में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों को करेगा कवर

छत्तीसगढ़ में अगले चार दिन बारिश में वृद्धि का अनुमान जताया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के सभी संभाग के कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है. वहीं अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण पश्चिम मानसून के पूरे प्रदेश में बढ़ने का अनुमान है. 

बीते दिन की बात करे तो छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में तापमान सबसे ज्यादा रहा. यहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं राजधानी रायपुर में तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस रहा और आज भी 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 

ये भी पढ़ें: किसान ने बांस के खेत को बना दिया टूरिस्ट स्पॉट: घूमने की फीस 50 रु, कपल 2100 में करा रहे प्री वेडिंग शूट

ये भी पढ़ें: सुहागरात के अगले दिन ही जीजा संग भाग गई दुल्हन, गहने भी ले गई साथ; सोता रह गया पति और परिवार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Monsoon 2026, Madhya Pradesh-Chhattisgarh, IMD
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com