विज्ञापन

बर्थडे पर 3 दोस्तों ने की पार्टी, फिर जा रहे थे गंगा नहाने, रास्ते में आ गई मौत

बेगूसराय में NH-31 फोरलेन पर दो स्कॉर्पियो वाहनों के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई.

बर्थडे पर 3 दोस्तों ने की पार्टी, फिर जा रहे थे गंगा नहाने, रास्ते में आ गई मौत
स्कॉर्पियो पर 6 युवक बर्थडे पार्टी के बाद गंगा घाट पर नहाने जा रहे थे
NDTV

बेगूसराय में दो स्कॉर्पियो की आमने-सामने की हुई भीषण टक्कर में जहाँ तीन दोस्तों की मौत हो गई है. वहीं दस से अधिक लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है. इस घटना में बारात जा रही स्कॉर्पियो के  गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है. घटना सिंघौल थाना क्षेत्र के अंग्रेजी ढाला के पास एनएच-31 की है. घटना के संबंध मे बताया जाता है की कुछ दोस्त बर्थडे का पार्टी मनाकर गंगा स्नान के लिए जा रहे थे. तभी दो स्कार्पियो वाहनों की आपस में टक्कर हो गई. हादसे में मौके पर ही तीन दोस्तों की मौत हो गई.

हादसा बेगूसराय में NH-31 फोरलेन पर बीती रात हुआ. घटना सिंघौल थाना क्षेत्र में अंग्रेजी ढ़ाला के समीप की है. बताया जा रहा है कि बर्थडे पार्टी मनाने के बाद पोखरिया से छह युवक स्कॉर्पियो पर सवार होकर सिमरिया गंगा घाट स्नान करने जा रहे थे. इसी दौरान अंग्रेजी ढाला के पास सामने से आ रही दूसरी स्कॉर्पियो से उनकी जोरदार टक्कर हो गई.

दूसरी स्कॉर्पियो में थे बाराती

मृतकों की पहचान नगर थाना क्षेत्र स्थित पोखरिया के रहने वाले ललन पासवान के पुत्र ऋषभ कुमार,बैजू शर्मा के पुत्र सन्नी कुमार एवं चिकू साह उर्फ राजन के पुत्र हिमांशु कुमार के रूप में हुई है. वहीं इसी स्कॉर्पियो पर सवार रूपेश कुमार, करण कुमार और रवि कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. 

दूसरी स्कॉर्पियो बखरी थाना क्षेत्र से बारात लेकर विनोदपुर जा रही थी. इस वाहन पर सवार विकास कुमार, राजा कुमार, प्रियांशु कुमार, लक्ष्मण कुमार, प्रिंस कुमार और ज्योतिष कुमार समेत आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. 

पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है

पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है
Photo Credit: NDTV

कई घायलों की हालत चिंताजनक

सभी घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. हादसा इतना भीषण था कि एक स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से निकालकर अस्पताल भेजा गया. घटना की सूचना मिलते ही सिंघौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है. 

तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया. वहीं बारात लेकर जा रहे लोगों के हादसे का शिकार होने से शादी की खुशियां भी पलभर में गम में बदल गईं. 

ये भी पढ़ें-: नोटिस के अंतिम दिन राबड़ी देवी के बंगले से निकल रहा सामान, लेकिन अभी भी सस्पेंस बरकरार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Begusarai, Begusarai Bihar News, Bihar News, Scorpio
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com