मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में एक एडवोकेट की गोली मारकर हत्या कर दी गई. उन्हें एक साथ तीन गोलियां मारी थीं. हत्या के बाद आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है. यह मामला भितरवार-डबरा रोड पर न्यू आशा भोजनालय के पास का है.
मृतक एडवोकेट की पहचान रतन सिंह यादव के रूप में हुई है. उन्हें गर्दन के पास एक और छाती पर दो गोलियां लगी हैं, जिससे उनकी इलाज के दौरान मौत हुई है.
अपनों पर हत्या का आरोप
हत्या का आरोप अभिभाषक रतन सिंह यादव के चचेरे भाई राकेश यादव, भतीजे राहुल यादव और एक अन्य गब्बर सिंह रावत पर है. सभी फरार हैं. बताया जा रहा है कि हरसी रोड पर डेढ़ बीघा जमीन को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसमें कोर्ट का भी एक आदेश आया था. आज अभिभाषक रतन सिंह यादव उसी विवादित जमीन पर पहुंचे थे. इसी दौरान आरोपियों से उनका विवाद हो गया और उन्होंने अभिभाषक पर गोली चला दी.
गंभीर रूप से घायल अभिभाषक रतन सिंह को उसके परिजन भितरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. जहां से डॉक्टर ने उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया, लेकिन ग्वालियर में इलाज के दौरान अभिभाषक की मौत हो गई.
पुलिस ने क्या कहा
भीतरवार के सब-डिविजनल ऑफिसर ऑफ़ पुलिस (SDOP) गगन हनवत ने कहा कि गोलीबारी का संबंध ज़मीन के विवाद से हो सकता है. शुरुआती जांच से पता चला है कि वकील का कुछ लोगों के साथ जमीन का विवाद था. हमें शक है कि गोलीबारी उसी विवाद से जुड़ी थी. मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं.
ये भी पढ़ें- अरे! नशे की जद में IPS प्रशांत चौबे? बोले- इस पुड़िया ने घर का सामान बिकवा दिया, सोशल मीडिया पर खुद डाला वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं