- आईपीएस प्रशांत चौबे ने नशेड़ी की एक्टिंग करते हुए फेसबुक पर वीडियो डाला.
- वह नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चला रहे हैं.
- वह अभी सीहोर के एएसपी हैं और हाल ही में विदिशा से ट्रांसफर हुआ है.
आईपीएस प्रशांत चौबे (IPS Prashant Choubey) का एक वीडियो वायरल हो रहा है. वह कथित तौर पर नशे में दिख रहे हैं और उनके हाथ में एक पुड़िया भी है. वीडियो में कहते नजर आ रहे हैं कि उन्होंने इस पुड़िया के लिए घर का सामान तक बेच दिया. वैसे आईपीएस प्रशांत चौबे फिलहाल मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद पर तैनात है, जिनका कुछ समय पहले ही विदिशा जिले से ट्रांसफर हुआ है.
दरअसल, आईपीएस प्रशांत चौबे आज भी अपराधियों के बिल्कुल सख्त हैं, लेकिन वह नशे के खिलाफ जागरूकता फैला रहे हैं. उन्होंने वीडियो के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह दी है. वीडियो उनका जमकर वायरल हो रहा है और वह खुद एक नशेड़ी की भूमिका में हैं. वह उस व्यक्ति की भूमिका निभाते नजर आते हैं, जो नशे की गिरफ्त में आकर अपनी जिंदगी और परिवार दोनों को बर्बाद कर लेता है.
वीडियो में क्या कह रहे आईपीएस
वीडियो में वह नशेड़ी की भूमिका निभाते हुए कह रहे हैं, "मेरे पास यह पुड़िया है और यही मेरा जीवन है. मां-बाप ने पढ़ाया, लेकिन पुड़िया ने कहा- नहीं. दुकान खुलवा दी, पुड़िया ने कहा- नहीं. दुकान का सारा सामान बेच डाला और 700 रुपये की पुड़िया मेरा जीवन बन गई. हर दिन पुड़िया पाने के लिए मैंने घर का सारा सामान तक बेच डाला."

आईपीएस अफसर वीडियो में नशे में एक्टिंग कर रहे हैं और मध्य प्रदेश पुलिस के "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत यह वीडियो बनाया है. उनका गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर पसंद किया जा रहा है. उनका संदेश साफ है कि नशा सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार को तबाह कर देता है. यही वजह है कि यह वीडियो लोगों के दिलों को छू रहा है और तेजी से वायरल हो रहा है.
उत्कृष्ट कार्य के लिए मिल चुका है सम्मान
प्रशांत चौबे पुलिस सेवा के उन अधिकारियों में शामिल हैं, जिन्होंने सामुदायिक पुलिसिंग के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई है. विदिशा में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था के साथ-साथ जन-जागरूकता अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाई. उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें "वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स" से भी सम्मानित किया जा चुका है.
विदिशा में उनके कार्यकाल के दौरान लोगों से उनका जुड़ाव इतना मजबूत रहा कि ट्रांसफर के समय उन्हें भावुक विदाई दी गई. स्थानीय नागरिकों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें एक ऐसे अधिकारी के रूप में याद किया, जो हमेशा जनता के बीच रहकर काम करते थे.
लोग कर रहे सराहना
अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने एक बार फिर प्रशांत चौबे को सुर्खियों में ला दिया है. लोग न सिर्फ उनकी एक्टिंग की तारीफ कर रहे हैं, बल्कि नशे के खिलाफ दिए गए उनके संदेश को भी सराह रहे हैं.
ये भी पढ़ें- UCC को MP कैबिनेट से मंजूरी, सिर्फ एक शादी होगी मान्य; CM बोले- 'राम' और 'रहीम' को मिलेगा बराबरी का दर्जा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं