- कॉकरोच जनता पार्टी ने नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन किया
- 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकाला गया, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए और आंदोलन को मजबूती मिली
- कांग्रेस, सपा, आम आदमी पार्टी समेत कई राजनीतिक दलों के नेता आंदोलन में शामिल होकर छात्रों के समर्थन में दिखे
नीट पेपर लीक के मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को करीब एक महीना हो चुका है. 20 जून से शुरू हुए इस आंदोलन ने ठीक एक महीने बाद जोर पकड़ा, जब 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकाला गया. इस दौरान हजारों की भीड़ सड़क पर दिखी तो माहौल बन गया. इसके बाद मंगलवार को राजनीतिक दल भी मैदान में उतरे हैं. राहुल गांधी तो कांग्रेस के तमाम सांसदों को लेकर पीएम आवास के बाहर ही धरने पर बैठ गए. यहीं पर अखिलेश यादव भी पहुंचे. इससे पहले सभी नेताओं में इस बात को लेकर होड़ थी कि वे कॉकरोच जनता पार्टी के मंच पर पहुंचें.
सोमवार को डिंपल यादव भी आंदोलन के दौरान नजर आई थीं. दिल्ली पुलिस के साथ धक्का-मुक्की में गिरे कुछ छात्रों से वह हाल पूछते और पंखा करते दिखी थीं. इसके अलावा अरविंद केजरीवाल पहले एक दिन जंतर-मंतर ही पहुंचे थे और फिर मंगलवार को छात्रों से मुलाकात करते दिखे. इस तरह हर कोई कॉकरोच जनता पार्टी के मंच पर जाता दिखा. इसके अलावा छात्रों से भी सहानुभूति दिखाई. ऐसा इसलिए क्योंकि इस आंदोलन के जरिए सभी दलों को लगता है कि वे कुछ भुना सकते हैं. संसद सत्र के दौरान हुए इस आंदोलन ने इसलिए भी हवा पकड़ी है क्योंकि मॉनसून सेशन के लिए तमाम बड़े नेता फिलहाल दिल्ली में ही हैं.
इसलिए यह समय कॉकरोच पार्टी के लिए मुफीद रहा तो अन्य दलों के लिए भी सही वक्त था. इसके जरिए एक तरफ विपक्षी दलों ने सरकार को संसद में घेरने की कोशिश की तो वहीं सड़क पर भी आंदोलन किया. मोदी सरकार के बीते 12 सालों के इतिहास में पहली बार ऐसा दिखा है, जब प्रदर्शनकारी इस तरह जंतर-मंतर, पीएम आवास और संसद भवन के पास इतनी बड़ी संख्या में पहुंचे. यही कारण था कि हर दल चाहता है कि इस आंदोलन का कुछ क्रेडिट वह भी ले या फिर कम से कम पीछे तो न दिखाई दे. यही कारण था कि एनसीपी के शरद पवार और सुप्रिया सुले, सपा के अखिलेश यादव, आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर आजाद समेत तमाम नेता प्रदर्शन का हिस्सा बनने के लिए आगे दिखे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं