विज्ञापन

कलेक्टर साहब, मेरी शादी करवा दीजिए... 22 साल के युवक की गजब फरियाद, बोला- मोहल्ले वाले नहीं होने दे रहे

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की चौपाल के दौरान एक अनोखा मामला सामने आया. 22 साल के शिवम राय ने कलेक्टर को आवेदन देकर अपनी शादी कराने की मांग की.

कलेक्टर साहब, मेरी शादी करवा दीजिए... 22 साल के युवक की गजब फरियाद, बोला- मोहल्ले वाले नहीं होने दे रहे
कलेक्टर के सामने युवक ने रखी अनोखी मांग
NDTV
  • MP में CM जन विश्वास अभियान की चौपाल में युवक ने अपनी शादी कराने की मांग की
  • युवक का आरोप है कि मोहल्ले के लोग लड़की वालों को उसके बारे में गलत बातें बताकर शादी में बाधा डालते हैं
  • युवक ने कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय को आवेदन देकर प्रशासन से हस्तक्षेप कर शादी कराने की सहायता मांगी है

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान की चौपाल में एक अनोखा मामला सामने आया, जहां 22 साल का एक युवक अपनी शादी कराने की मांग लेकर सीधे कलेक्टर के पास पहुंच गया. युवक की फरियाद सुनकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए.

कलेक्टर से लगाई फरियाद

कुण्डेश्वर निवासी शिवम राय ने कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय को आवेदन सौंपकर अपनी शादी कराने की गुहार लगाई. शिवम का कहना है कि उसकी शादी के लिए लड़की वाले तो आते हैं, लेकिन घर तक पहुंचने से पहले ही वापस लौट जाते हैं.

युवक का आरोप है कि मोहल्ले के कुछ लोग रास्ते में ही लड़की वालों को उसके बारे में गलत बातें बताकर भड़का देते हैं. इसके कारण लड़की पक्ष के लोग उसके घर पहुंचे बिना ही लौट जाते हैं. शिवम के मुताबिक, ऐसा एक-दो बार नहीं बल्कि कई बार हो चुका है.

'मोहल्ले वालों की वजह से शादी नहीं हो पा रही'

शिवम का कहना है कि मोहल्ले वालों की वजह से उसकी शादी नहीं हो पा रही है और इसी परेशानी को लेकर उसने प्रशासन से मदद मांगी है. उसने कलेक्टर से इस मामले में हस्तक्षेप कर समाधान कराने की अपील की है.

अब इस आवेदन ने प्रशासन को भी असमंजस में डाल दिया है. आमतौर पर चौपालों में जमीन, सड़क, बिजली या सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतें आती हैं, लेकिन शादी कराने की मांग वाला यह मामला अलग तरह का है.

फिलहाल कलेक्टर को दिए गए इस आवेदन और युवक की गुहार की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है. अब देखना होगा कि प्रशासन इस अनोखी शिकायत पर क्या कदम उठाता है और युवक की समस्या का कोई समाधान निकल पाता है या नहीं.

(मोहम्मद उबेश खान के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें | 75 साल के दूल्हे का टूटा दिल: 30 साल की ब्लॉगर रीना ने सगाई तोड़ी, बोलीं- 'मेरा पति वापस आ गया है'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madhya Pradesh News, MP News, Chaupal, MP News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com