एक चौंकाने वाली जीत, फिर एक डिलीट की गई पोस्ट और अब तीखे कटाक्ष... नागपुर MLC चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस को BJP पर निशाना साधने का मौका दे दिया है. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी शामिल हैं. कांग्रेस का कहना है कि फडणवीस को अपनी वह 'शेखी बघारने वाली' पोस्ट डिलीट करनी पड़ी, जो उन्होंने बुधवार को पहले की थी. दरअसल कांग्रेस के उम्मदीवार अभिजीत वंजारी ने महाराष्ट्र के नागपुर स्नातक सीट पर शानदार जीत दर्ज कर ली है. अभिजीत वंजारी ने बीजेपी के उम्मीदवार सुधाकर कोहले को बड़े वोटों के अंतर से हराया है और MCL बनने वाले हैं.
राज्य और केंद्र की सत्ताधारी पार्टी ने MLC चुनावों में कांग्रेस के 'खाली हाथ' रहने पर तंज कसा था. खुद प्रधानमंत्री ने भी इसपर पोस्ट किया था. लेकिन अंत में कांग्रेस ने नागपुर सीट जीतकर सबको चौंका दिया. यहां तक कि नतीजे आने से कुछ समय पहले ही सूबे के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स पर पोस्ट करके कांग्रेस पर तंज कसा था. उन्होंने कांग्रेस को 'बिग फैट जीरो' यानी शून्य सीटें मिलने की बात लिखी थी. जब नतीजे आए तो साफ हुआ कि बीजेपी ने समय से पहले ही जश्न मना लिया. जैसे ही कांग्रेस ने नागपुर MLC चुनाव जीती वैसे ही सीएम फडणवीस को यह पोस्ट डिलीट करना पड़ा.
कांग्रेस और NCP(SP) ने फडणवीस को घेरा
सीएम फडणवीस ने अपना पोस्ट डिलीट किया तो उन्हें विपक्ष ने घेर लिया. महाराष्ट्र कांग्रेस ने लिखा, "ट्वीट डिलीट करके फडणवीस ने एक बार फिर सावरकर की विरासत को बचा लिया है! फडणवीस ने नतीजे आने से पहले ही पोस्ट कर दिया था. लेकिन उनका डींग हांकने वाला तीर पलटकर सीधे उनके सीने में ही जा लगा! आखिरकार, उन्हें वह ट्वीट डिलीट करना ही पड़ा."
ट्विट डिलीट करून फडणवीसांनी पुन्हा एकदा सावरकरांचा वारसा जपला! संपूर्ण निकाल हाती येण्याआधीच मोठा तीर मारल्याच्या आविर्भावात फडणवीसांनी ट्विट केलं. पण तोच तीर उलटला आणि थेट त्यांच्या छातीत घुसला! अखेर नामुष्की ओढवून घेत ट्विट डिलीट करण्याची वेळ आली. फडणवीसजी, एवढ्यातच घाबरलात? हा तर फक्त ट्रेलर आहे! २०२९ मध्ये महाराष्ट्राची जनता तुमचा असा काही राजकीय कंडका पाडेल की, आजचं हे ट्विटही तुम्हाला आठवेल! All the best, फडणवीसजी! पुढच्या झटक्यासाठी तयार राहा. @Dev_Fadnavis
— Maharashtra Congress (@INCMaharashtra) October 28, 2026
महाराष्ट्र कांग्रेस ने इसके साथ सोशल मीडिया पर फडणवीस के एक डिलीट किए गए ट्वीट का स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिसमें कहा गया था कि इस पुरानी पार्टी को चुनावों में "बड़ा सा शून्य" मिला है.
वहीं नेशनल कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के सांसद और शरद पवार के पोते रोहित पवार ने भी सीएम फडणवीस पर तंज कसा. उन्होंने एक्स पर लिखा, "आदरणीय देवेंद्र फडणवीस साहब, नागपुर ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र में, जहां आपने खुद व्यक्तिगत रुचि ली और बागी उम्मीदवारों को अपना नाम वापस लेने के लिए मनाने के लिए घर-घर जाकर बात की, उसी नागपुर निर्वाचन क्षेत्र में, जहां RSS का मुख्यालय स्थित है, वहां BJP को हार का सामना करना पड़ा. इसका मतलब बिल्कुल साफ है…… यह वाकई अफसोस की बात है कि आपको अपना ट्वीट डिलीट करना पड़ा; लेकिन आपके उस डिलीट किए गए ट्वीट में सत्ता का जो भारी अहंकार झलकता था, वह बिल्कुल भी ठीक नहीं है. खैर, मैं समझ सकता हूं. शायद आप भूल गए थे कि चुनाव बैलेट के जरिए हुआ था, इसलिए शायद आपने जल्दबाजी में वह ट्वीट कर दिया होगा… जीतने वाले उम्मीदवार अभिजीत वंजारी को बधाई, उन ग्रेजुएट्स का धन्यवाद जिन्होंने वोट के रूप में अपना आशीर्वाद दिया, और चुनाव लड़ने वाले सभी उम्मीदवारों को भी बहुत-बहुत शुभकामनाएं!"
यह भी पढ़ें | महाराष्ट्र MLC चुनाव : RSS के गढ़ नागपुर में कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने पलटी बाजी; पुणे, अमरावती में कौन जीता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं