मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सिवनी मालवा दौरे के दौरान किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज किए जा रहे मामलों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि किसानों के हक और समर्थन मूल्य की लड़ाई लड़ने वाले कार्यकर्ताओं को FIR से डराया नहीं जा सकता, क्योंकि "FIR कार्यकर्ताओं का गहना होती है." पटवारी ने दावा किया कि कांग्रेस हमेशा अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी रही है और आगे भी हर संघर्ष में उनके साथ रहेगी. इस दौरान उन्होंने गंजाल परियोजना और आदिवासी-दलित समाज से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार को घेरा.
नर्मदापुरम जिले की सिवनी मालवा तहसील में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे. यहां स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया. प्रदेशभर के दौरे पर निकले पटवारी ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने का प्रयास किया.
कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी है कांग्रेस
जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता के साथ मजबूती से खड़ी है. उन्होंने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की ताकत है और उसके सुख-दुख में साथ देना कांग्रेस की जिम्मेदारी है. इसी संदेश के साथ वह अलग-अलग जिलों का दौरा कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर रहे हैं.
FIR को लेकर दिया बड़ा बयान
पत्रकारों से चर्चा के दौरान पटवारी ने किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज की गई FIR को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई किसानों को उनकी फसल का उचित समर्थन मूल्य दिलाने की लड़ाई है, जिसकी शुरुआत सिवनी मालवा से हुई थी. उन्होंने कहा कि इस आंदोलन और संघर्ष से जुड़े लोगों पर कार्रवाई करने से उनकी आवाज दबने वाली नहीं है. पटवारी ने कहा कि "FIR कार्यकर्ताओं का गहना होती है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता." उनका कहना था कि जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने वाले कार्यकर्ता ऐसी कार्रवाइयों से घबराते नहीं हैं.
भाजपा सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की घोषणाएं और दावे भाषणों तक सीमित हैं, जबकि जनता की वास्तविक समस्याएं आज भी जस की तस बनी हुई हैं.
गंजाल परियोजना को लेकर भी उठाए सवाल
सिवनी मालवा में गंजाल परियोजना के मुद्दे पर बोलते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि वर्तमान सरकार आदिवासी और दलित समाज का भरोसा खोती जा रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवेदनशील मुद्दों पर लोगों की भावनाओं और समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है. सिवनी मालवा में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद जीतू पटवारी हरदा विधायक आर.के. दोगने के गृह ग्राम कोठरा के लिए रवाना हो गए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं