विज्ञापन

एमपी कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का भाई गिरफ्तार, ड्रग्स मामले में नाना के खिलाफ FIR; जानें पूरा मामला

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के छोटे भाई नाना पटवारी को इंदौर पुलिस द्वारा हिरासत में लेने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है. शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्रवाई की पुष्टि की है, जबकि राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं.

एमपी कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का भाई गिरफ्तार, ड्रग्स मामले में नाना के खिलाफ FIR; जानें पूरा मामला
  • मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के छोटे भाई नाना पटवारी को इंदौर पुलिस ने हिरासत में लिया है.
  • पुलिस ने बताया कि ड्रग्स पेडलर्स की पूछताछ में नाना पटवारी की पहचान होने के बाद कार्रवाई की गई है.
  • कांग्रेस नेताओं ने नाना पटवारी की गिरफ्तारी पर पुलिस की कार्रवाई और सूचना न देने पर सवाल उठाए हैं.

मध्य प्रदेश की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी का नाम इंदौर में सामने आए ड्रग्स मामले से जुड़ गया. पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के आरोप में पकड़े गए दो संदिग्ध पेडलर्स से पूछताछ के बाद नाना पटवारी को हिरासत में लिया और अब उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की बात भी सामने आई है. दूसरी ओर कांग्रेस इस कार्रवाई को लेकर सवाल उठा रही है और इसे राजनीतिक दबाव से जोड़कर देख रही है.  

ड्रग्स जांच में आया नाना पटवारी का नाम

इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में पुलिस कथित ड्रग्स नेटवर्क की जांच कर रही थी. इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध ड्रग्स पेडलर्स को गिरफ्तार किया. पूछताछ में नाना पटवारी का नाम सामने आने की बात कही जा रही है. सूत्रों के अनुसार इसके बाद पुलिस ने नाना पटवारी को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी. हालांकि शुरुआती दौर में पुलिस की ओर से मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया था.

दो ड्रग्स पेडलर्स की गिरफ्तारी के बाद बढ़ी जांच

पुलिस ने इमरान खान और रानी भाई नाम के दो कथित ड्रग्स पेडलर्स को गिरफ्तार किया है. जांच में यह जानकारी सामने आई कि दोनों कथित तौर पर ब्राउन शुगर की डिलीवरी करने जा रहे थे. पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर नाना पटवारी का नाम सामने आया. इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया और उनसे पूछताछ शुरू की.

नाना पटवारी के खिलाफ एफआईआर 

मामले में नया मोड़ तब आया जब इंदौर पुलिस के अधिकारियों की ओर से नाना पटवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की जानकारी सामने आई. डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत ने इसकी पुष्टि की है. बताया जा रहा है कि पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. नाना पटवारी को सनसाइन कॉलोनी के पास से हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है.

जीतू पटवारी के घर पहुंचे कांग्रेस नेता

मामले की जानकारी मिलते ही बिजलपुर स्थित जीतू पटवारी के निवास पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हो गया. पार्टी नेताओं ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर चिंता जताई और पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए. कांग्रेस का कहना है कि किसी व्यक्ति को हिरासत में लेने पर उसके परिवार को तत्काल जानकारी दी जानी चाहिए.

जीतू पटवारी ने सरकार पर साधा निशाना

अपने भाई के मामले को लेकर जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया के जरिए सरकार और पुलिस पर हमला बोला है. उन्होंने दावा किया कि उनके भाई को बिना किसी सूचना के हिरासत में लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है.

जीतू पटवारी ने कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए कानून का इस्तेमाल कर रही है. उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि वे न तो दबाव से डरेंगे और न ही झुकेंगे, बल्कि राजनीतिक लड़ाई को और मजबूती से लड़ेंगे.

परिवार और कांग्रेस ने उठाए सवाल

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पूरे मामले में पारदर्शिता बरती जानी चाहिए. शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि यदि नाना पटवारी को हिरासत में लिया गया है या उनसे पूछताछ की जा रही है, तो पुलिस को स्पष्ट रूप से बताना चाहिए कि कार्रवाई का आधार क्या है. उन्होंने ड्रग्स से जुड़े आरोपों को निराधार बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jitu Patwari Arrest Warrant, Indore Police Action, Mp Congress News, Indore Political News, Congress Leader News Update
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com