Reel Making Accident MP: इन दिनों लोगों में रील बनाने का शौक बढ़ता ही जा रहा है. लेकिन रील के कारण कई लोग जान भी गंवा देते हैं. एमपी के जबलपुर में ऐसा ही मामला सामने आया है. जिले के बरगी क्षेत्र की एक नहर में नहाने के दौरान तीन लड़कियां तेज बहाव में बह गईं. हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला. इस घटना में तीनों युवतियों के शव मिल चुके हैं. पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.
शादी समारोह में आई थीं युवतियां
जानकारी के मुताबिक, हादसा जबलपुर के बरगी क्षेत्र के सालीवाड़ा गांव के पास बरगी बांध की नहर में हुआ. शीतल पटेल, तनु पटेल और सान्या पटेल सहित पांच लड़कियां रिश्तेदारी में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं. शादी के दौरान समय निकालकर सभी पास की नहर में नहाने पहुंचीं.
रील बनाते-बनाते बिगड़ा संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पांच में से चार लड़कियां नहर के पानी में उतर गईं, जबकि एक लड़की किनारे खड़े होकर मोबाइल से उनकी रील बना रही थी. इसी दौरान नहर के तेज बहाव का अंदाजा लड़कियों को नहीं हो पाया और एक के बाद एक वे पानी के तेज प्रवाह में फंसती चली गईं.
बचाने की कोशिश में दिखाई हिम्मत
जब पानी में फंसी लड़कियों का हाल रील बना रही लड़की ने देखा, तो उसने बिना देर किए मोबाइल वहीं छोड़ दिया और नहर में कूद पड़ी. उसने पूरी हिम्मत दिखाते हुए एक लड़की को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन बाकी तीन गहरे पानी में बह गईं.
रेस्क्यू ऑपरेशन में मिले तीनों शव
घटना की खबर फैलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद पहले दो लड़कियों के शव बरामद किए, कुछ समय बाद तीसरी लड़की का शव भी मिल गया.
सीएम यादव ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जबलपुर जिले के ग्राम सालीवाड़ा (बरगी) में नहर में डूबने से तीन बच्चियों की मौत की दुखद घटना पर गहरा शोक जताया है. उन्होंने कहा कि यह समाचार अत्यंत पीड़ादायक है और शासन की ओर से प्रभावित परिवारों को प्रति परिवार चार‑चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि एसडीईआरएफ की टीम एक बच्ची की तलाश में जुटी हुई है और ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत बच्चियों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
रील के जुनून पर एक कड़ा संदेश
यह हादसा एक बार फिर चेतावनी देता है कि सोशल मीडिया के लिए रील बनाने का जुनून कितना खतरनाक साबित हो सकता है. थोड़ी सी लापरवाही ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं