इंदौर के रवजीबाजार थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दुष्कर्म के आरोपी ने एक महिला को जबरदस्ती अपनी गाड़ी में बैठाने की कोशिश की. महिला के विरोध और शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और आरोपी को पकड़ लिया. इसके बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ और लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया.
छह साल पुरानी थी दोनों की पहचान
जानकारी के अनुसार महिला और आरोपी असलम के बीच करीब छह साल से जान-पहचान थी. इसी दौरान दोनों के बीच संबंध भी बने थे. हालांकि बाद में महिला की शादी दूसरी जगह हो गई, जिसके बाद उसने असलम से दूरी बना ली और उससे संपर्क कम कर दिया.
महिला का आरोप है कि शादी के बाद भी असलम लगातार उस पर संपर्क बनाए रखने का दबाव बना रहा था. वह उससे बात करने और मिलने के लिए लगातार परेशान करता था. महिला कई बार उससे दूरी बनाने की कोशिश करती रही, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया.
जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने का प्रयास
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन असलम ने महिला को बात करने के बहाने बुलाया. जब महिला ने उसकी बात मानने से इनकार किया तो वह उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने लगा. इस दौरान महिला ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया और मदद की गुहार लगाई.
महिला की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे. लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और महिला को उसके चंगुल से छुड़ाया. घटना को लेकर लोगों में इतना आक्रोश था कि उन्होंने आरोपी की मौके पर ही पिटाई कर दी.
मारपीट का वीडियो हुआ वायरल
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में आरोपी के साथ लोगों और महिला द्वारा मारपीट किए जाने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि भीड़ ने आरोपी को अर्धनग्न कर उसकी पिटाई की. घटना की सूचना मिलते ही रवीजी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने आरोपी को भीड़ के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी.
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी असलम के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है. आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाल रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं