यूपी की राजधानी लखनऊ के पास दो नए हाईटेक शहर बसने जा रहे हैं. लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की बहुप्रतीक्षित वरुण विहार और नैमिष नगर आवासीय योजनाओं का शुभारंभ 24 सितंबर को होगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दोनों योजनाओं का लोकार्पण करेंगे. इसी दिन से करीब 3000 प्लॉट्स की बुकिंग भी शुरू हो जाएगी. इसके साथ ही मुख्यमंत्री आगरा एक्सप्रेसवे के पास बनने वाले पार्क व्यू, लेक व्यू, ऐशबाग, वागेश्वरी और अदिति अपार्टमेंट का भी शिलान्यास करेंगे. इन प्रोजेक्ट के जरिए करीब 10 हजार लोगों को आवासीय सुविधा मिलने की उम्मीद है. आखिर यह प्रोजेक्ट क्या है? आइए बताते हैं.
क्या है वरुण विहार योजना?
LDA की सबसे बड़ी आवासीय परियोजना वरुण विहार आगरा एक्सप्रेसवे के पास करीब 6,580 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही है. यह प्रोजेक्ट कुल 25 सेक्टर विकसित होगा. योजना के तहत 15 हजार से ज्यादा प्लॉट्स बिक्री किए जाने हैं. लगभग 980 एकड़ में ग्रीन बेल्ट, पार्क और जल निकाय भी डेवलेप किया जाएगा. इसके अलावा यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स बनाया जाएगा. इसके अलावा लॉजिस्टिक्स पार्क, अंडरग्राउंड केबल और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा.
वरुण विहार योजना आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और मोहान रोड के करीब डेवलेप की जा रही है. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी बेहतर कनेक्टिविटी ही है. यह एक्सप्रेसवे, किसान पथ और आउटर रिंग रोड से कनेक्ट होगी.
क्या है नैमिष नगर योजना?
सीतापुर रोड पर लगभग 3,681 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली यह योजना लखनऊ के उत्तरी हिस्से का नया आवासीय और आर्थिक केंद्र बनने जा रही है. यहां चौड़ी सड़कें, पार्क, ग्रीन बेल्ट, स्कूल, अस्पताल, सामुदायिक केंद्र, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट जैसी सुविधाएं होंगी.
LDA के अनुसार नैमिष नगर योजना में भविष्य में करीब 3 लाख लोगों को आवासीय सुविधाएं मिल सकेंगी. योजना के लिए बीकेटी तहसील के 18 गांवों में लगभग 1,486 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है.
इन अपार्टमेंट का शिलान्यास
- पार्क व्यू, बसंतकुंज
- लेक व्यू, गोमती नगर
- वागेश्वरी, शारदा नगर विस्तार
- अदिति, अनंत नगर
- ऐशबाग स्क्वायर, मिल रोड ऐशबाग
आज से ही शुरू हो रहा है रजिस्ट्रेशन
अगर आप भी लखनऊ में जमीन खरीदने का मन बना रहे हैं, तो आज यानी 24 सितंबर 2026 से ही एलडीए के पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. लगभग 5000 प्लॉट अलग-अलग साइज में उपलब्ध होंगे, जिनकी बुकिंग पारदर्शी लॉटरी सिस्टम के जरिए की जाएगी.
यह भी पढ़ें: यूपी में मुंबई जैसी एसी लोकल ट्रेनें चलेंगी, लखनऊ-कानपुर, गोरखपुर और गाजियाबाद-अलीगढ़ रूट से शुरुआत होगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं