- झारखंड में प्रेम-प्रसंग के कारण 16 वर्षीय मिथुन कुमार दास की निर्मम हत्या कर शव को तीन टुकड़ों में काटा गया
- हत्या के बाद आरोपियों ने शव के तीनों टुकड़ों को अपने घर के पीछे जमीन में गाड़ दिया था
- पुलिस ने आरोपी परिवार के सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
झारखण्ड के गिरिडीह में प्रेम-प्रसंग के कारण एक 16 वर्षीय किशोर की हत्या कर दी गई. किशोर की हत्या करने के बाद आरोपियों ने उसके शरीर के तीन टुकड़े किए और फिर तीनों टुकड़ों को अपने घर के पीछे ही दफना दिया. 'दृश्यम' फिल्म की तर्ज पर हुई यह खौफनाक वारदात इस वक्त पूरे झारखंड में चर्चा का विषय बनी हुई है.
कुत्तों के जमीन खोदने से खुला राज
यह सनसनीखेज वारदात गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित पहाड़पुर गांव की है. गुरुवार को इस वारदात का पता तब चला, जब कुत्तों ने जमीन को खोदना शुरू किया और वहां से इंसान का कटा हुआ पैर बाहर दिखाई देने लगा. मानव अंग मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल के निर्देश पर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, इंस्पेक्टर बमबम कुमार और थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे.

एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग के कारण ही हत्या किए जाने की बात सामने आई है.
दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस ने जमीन की खुदाई करवाकर शव को बाहर निकाला. मृतक की पहचान बिहार के बिचकोड़वा थाना क्षेत्र के मोरियाडीह निवासी मथुरा रविदास के 16 वर्षीय पुत्र मिथुन कुमार दास उर्फ कारू दास के रूप में हुई है. इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहाड़पुर निवासी जगदीश दास, उसकी पत्नी और उसकी बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
एक साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग
मृतक के परिजनों के अनुसार, मिथुन का जगदीश दास की बेटी के साथ पिछले करीब एक वर्ष से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. परिजनों का आरोप है कि लड़की के बुलाने पर ही मिथुन रविवार को पहाड़पुर पहुंचा था. आरोप है कि इसके बाद उसे बहला-फुसलाकर घर के अंदर बुलाया गया और उसकी निर्मम हत्या कर दी गई.

मृतक की पहचान बिहार के मिथुन कुमार दास उर्फ कारू दास के रूप में हुई है.
मिथुन के अचानक गायब होने के बाद परिजन अपने स्तर पर लगातार उसकी तलाश कर रहे थे. बुधवार को मिथुन के पिता स्वयं पहाड़पुर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें वहां कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद गुरुवार को दोबारा खोजबीन के दौरान जमीन से कटा पैर बाहर मिलने की खबर फैली, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. इसके बाद जांच के दौरान जमीन में दफनाए गए शव का पता चला. बताया जा रहा है कि दफनाए गए शव के कुछ हिस्सों को जंगली जानवरों या कुत्तों ने खींचकर बाहर निकाल दिया था और आसपास तीखी दुर्गंध फैलने लगी थी, जिससे ग्रामीणों को संदेह हुआ.
आरोपी के घर में मिले खून के धब्बे, गांव में तनाव
जांच के दौरान आरोपी के घर के अंदर खून के धब्बे मिलने की बात भी सामने आई है. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के उग्र परिजनों ने भारी हंगामा किया और आरोपी के साथ मारपीट भी की. पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाला और आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया. घटना के बाद से पहाड़पुर गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है, वहीं मृतक के परिजनों के चीत्कार से पूरे क्षेत्र का माहौल अत्यंत गमगीन हो गया.

दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस ने जमीन की खुदाई करवाकर शव को बाहर निकाला.
एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग के कारण ही हत्या किए जाने की बात सामने आई है. साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक (FSL) टीम को मौके पर बुलाया गया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य प्रमाणों की बारीकी से जांच की जा रही है. उन्होंने पुष्टि की कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को तीन टुकड़ों में काट दिया गया था.
(अमर सिन्हा की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें: दिशा सालियान केस की CBI जांच: ठाकरे बोले- मुझे बदनाम कर रही BJP, राम कदम ने लगाए सबूत मिटाने के आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं