- हिमाचल प्रदेश में कार हादसे में भिलाई के चंद्राकर परिवार के चार सदस्य सहित आठ लोगों की मौत हुई
- बेंगलुरु और भिलाई के दो परिवारों ने डलहौजी में टैक्सी साझा कर साच पास जाकर बर्फीली वादियों का आनंद लिया था
- दुर्घटना तीखे मोड़ पर हुई, जहां वाहन नियंत्रण खोकर गहरी खाई में गिर गया था और जीपीएस ने लोकेशन फिक्स की
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र चुराह में हुआ भीषण सड़क हादसा छत्तीसगढ़ के भिलाई के चंद्राकर परिवार को कभी नहीं भूल सकने वाला गम दे गया. हादसे में भिलाई के 4 लोगों समेत बेंगलुरु के एक अन्य परिवार और स्थानीय टैक्सी चालक को मिलाकर कुल 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इस दुर्घटना को लेकर अब कई बड़े और झकझोर देने वाले खुलासे हुए हैं. यह सभी लोग डलहौजी से एक ही टैक्सी शेयर कर बर्फ की वादियों का आनंद लेने साच पास गए हुए थे.
डलहौजी में हुई थी मुलाकात, साथ घूमने का लिया था फैसला
जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु से आए एक पर्यटक परिवार ने पर्यटन नगरी डलहौजी से एक टैक्सी बुक की थी. वहीं उनकी मुलाकात भिलाई के चंद्राकर परिवार से हुई. दोनों परिवारों ने मिलकर पहाड़ों और बर्फ की सैर का आनंद लेने के लिए आपस में टैक्सी शेयर करने का फैसला किया. शुक्रवार (29 मई) को दोनों परिवार बेहद खुशहाली के साथ बैरागढ़-किलाड़ मार्ग वाया साच जोत के लिए रवाना हुए थे, लेकिन लौटते वक्त काल ने उन्हें घेर लिया.
हिमाचल प्रदेश के चंबा में बड़ा हादसा, गहरी खाई में कार गिरने से 8 लोगों की मौत pic.twitter.com/iDlyTb8V9E
— Vijay Chandra,siva (@Vijaychandra333) May 31, 2026
कालाबन का खतरनाक मोड़ और GPS से हुआ खुलासा
हादसा शुक्रवार को साच पास से बैरागढ़ की ओर वापस आते समय कालाबन के एक बेहद तीखे और खतरनाक मोड़ पर हुआ, जहां नियंत्रण खोने के कारण कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी. जब शुक्रवार देर रात तक टैक्सी डलहौजी वापस नहीं लौटी, तो टैक्सी मालिक को चिंता हुई. उसने गाड़ी में लगे जीपीएस के जरिए लोकेशन ट्रैक की. GPS में गाड़ी कालाबन के पास एक ही जगह पर रुकी हुई दिखाई दे रही थी और उसमें कोई हलचल नहीं थी. इसके बाद शनिवार को ओसीपी बैरागढ़ के माध्यम से पुलिस थाना तीसा को सूचना दी गई. पुलिस और प्रशासन जब मौके पर पहुंचे, तो खाई में सभी यात्रियों की लाशें पड़ी हुई थीं.
हिमाचल प्रदेश के चंबा में बड़ी सड़क दुर्घटना
— Labhesh Ghosh (Bhilai Times) (@labheshghosh) May 31, 2026
आठ लोग थे सवार
सभी की मौके पर मौत
भिलाई का चंद्राकर परिवार भी था सवार
अरविंद चंद्राकर और प्राची चंद्राकर और उनके दो बच्चों की मौत
स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने किया रेस्क्यू ऑपर्शन
भिलाई में शौक की लहर, 30 फीट घेरे खाई में गिरी कार pic.twitter.com/6kCfNp0FM9
हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की सूची
इस भीषण दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी 8 लोगों की शिनाख्त हो चुकी है.
- छत्तीसगढ़ (भिलाई) का चंद्राकर परिवार: अरविंद चंद्राकर, उनकी पत्नी प्राची चंद्राकर, बच्चे दर्श चंद्राकर और अकशद चंद्राकर.
- कर्नाटक (बेंगलुरु) का परिवार: पी.जी. कार्तिघायन, मनीमाला और नंदन.
- टैक्सी चालक: विश्वास सल्होता (निवासी- बनीखेत, हिमाचल प्रदेश).
भिलाई में मातम, सड़क सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
एक साथ भिलाई के हंसते-खेलते परिवार के चार लोगों की मौत की खबर ने पूरे भिलाई शहर को स्तब्ध कर दिया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साच पास मार्ग पर आए दिन होने वाले इन हादसों को लेकर स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है. लोगों ने मांग की है कि इस बेहद खतरनाक और संकरे मार्ग पर क्रैश बैरियर और सड़क सुरक्षा के कड़े उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी और मासूम परिवार की जान न जाए.