- शराब लेने पहुंचे तो पहले हुआ हेल्थ चेकअप, सागर में ठेके के बाहर डॉक्टरों का कैंप
- मध्य प्रदेश में अनोखी पहल, शराब खरीदने वालों के लिए ब्लड टेस्ट और स्वास्थ्य जांच
- कांग्रेस का तंज- अस्पतालों में डॉक्टर नहीं, शराब दुकानों पर मेडिकल कैंप
मध्य प्रदेश के सागर जिले में शराब सेवन करने वालों के लिए एक अनोखी स्वास्थ्य निगरानी पहल शुरू की गई है. जिले के बंडा क्षेत्र में शराब सेवन के बाद हुई मौतों के मामलों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतकों के पहले से बीमार होने की बात सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने यह अभियान शुरू किया है. कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग, आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम शराब दुकानों के बाहर पहुंचकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है. जांच के साथ-साथ शराब के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है.
शराब दुकान के बाहर लगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, बंडा हादसे के बाद प्रशासन सतर्क
सागर जिले के बीना क्षेत्र में शराब दुकान के बाहर लगाए गए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि यह कैंप आगासौद रोड स्थित गांधी चौराहा शराब दुकान के बाहर लगाया गया था. यहां स्वास्थ्य विभाग और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शराब खरीदने पहुंचे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया. कुछ लोगों के ब्लड सैंपल भी लिए गए ताकि उनके लिवर, किडनी और अन्य स्वास्थ्य मानकों की जांच की जा सके.
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतकों के पहले से विभिन्न बीमारियों से ग्रसित होने के संकेत मिले थे. इसके बाद नियमित शराब सेवन करने वाले लोगों की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन करने का निर्णय लिया गया.
डॉक्टरों और आबकारी टीम ने की जांच
कैंप में डॉ. धर्मेंद्र दांगी और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों की जांच की. जांच के दौरान शराब पीने वालों से उनके स्वास्थ्य और शराब सेवन की आदतों से जुड़ी जानकारी भी जुटाई गई. आबकारी विभाग के उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत शराब का नियमित सेवन करने वाले लोगों की पहचान कर स्वेच्छा से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है. उन्होंने बताया कि आबकारी सहायक आयुक्त वंदना पांडेय के निर्देशन में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
नगर की दोनों शराब दुकानों के अलावा ग्राम चीमा ढाना में भी ऐसे शिविर आयोजित किए गए. बस स्टैंड और झिरना पुल क्षेत्र की शराब दुकानों पर मेडिकल टीम आबकारी अधिकारियों और पुलिस बल के साथ पहुंची और आदतन शराबियों की जांच की.

कांग्रेस नेता ने सरकार को घेरा
Photo Credit: NDTV
कांग्रेस ने उठाए सवाल
इस अभियान को लेकर कांग्रेस नेता कुणाल चौधरी ने सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए कहा कि मोहन यादव सरकार ने प्रदेश में नई योजना शुरू कर दी है “शराब के साथ इलाज मुफ्त!” सागर में शराब की दुकान के बाहर डॉक्टरों की टीम बैठाई गई है. शराब खरीदने वालों का ब्लड प्रेशर, शुगर और लिवर-किडनी की जांच हो रही है. कमाल देखिए! अस्पतालों में मरीज डॉक्टर और इलाज के लिए भटक रहे हैं, लेकिन शराब के ठेकों पर डॉक्टरों की पूरी टीम तैनात है. सागर में जहरीली शराब से मौतों के बाद सरकार की प्राथमिकता शराबियों का चेकअप है या शराब के अवैध कारोबार पर लगाम लगाना? वाह रे भाजपा सरकार! अस्पताल में इलाज की गारंटी नहीं, लेकिन शराब के ठेके पर हेल्थ चेकअप की सुविधा जरूर! यही है डबल इंजन सरकार का स्वास्थ्य मॉडल?
शराब के नुकसान को लेकर दी जा रही सलाह
स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान डॉ. अमित रंजन त्रिपाठी ने लोगों को शराब सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि शराब स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है और यदि कोई व्यक्ति इसका सेवन करता है तो सीमित मात्रा में करे. साथ ही लोगों को गांवों और किराना दुकानों पर बिकने वाली अवैध शराब से दूर रहने की सलाह दी गई. डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि संदिग्ध और अवैध शराब का सेवन गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है.
यह भी पढ़ें : शराब की दुकान में घुसी बंदरिया का ड्रामा, पूरी बोतल पीते ही टल्ली हो गया, रांची की वाइन शॉप का Video
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं