विज्ञापन

निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पहुंचे ओंकारेश्वर, बोले- 12 ज्योतिर्लिंग दर्शन का 23 साल पुराना संकल्प पूरा

भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और शयन आरती में शामिल हुए. उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 में लिया गया 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का संकल्प अब ओंकारेश्वर में पूरा हो गया.

निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पहुंचे ओंकारेश्वर, बोले- 12 ज्योतिर्लिंग दर्शन का 23 साल पुराना संकल्प पूरा
निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के किए दर्शन.

भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार शनिवार को मध्य प्रदेश के खंडवा जिले स्थित विश्व प्रसिद्ध ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार के साथ भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और शयन आरती में भाग लिया. इस दौरान उन्होंने अपने जीवन के एक लंबे आध्यात्मिक संकल्प के पूरा होने की बात साझा की. 

ज्ञानेश कुमार ने बताया कि करीब 23 वर्ष पहले उन्होंने देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने का संकल्प लिया था, जो ओंकारेश्वर में पूजा-अर्चना के साथ पूर्ण हो गया. उन्होंने इसे महादेव की कृपा बताया और लोगों से जीवन में अध्यात्म को अपनाने की अपील की.

परिवार के साथ किए बाबा ओंकारेश्वर के दर्शन

दो दिवसीय प्रवास पर ओंकारेश्वर पहुंचे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन किए. मंदिर में उन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. दर्शन के बाद वे मंदिर में आयोजित शयन आरती में भी शामिल हुए. इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा.

शयन आरती में सुनी ओंकारेश्वर और मां नर्मदा की महिमा

शयन आरती के दौरान मंदिर के पुजारी डंकेश्वर दीक्षित ने बाबा ओंकारेश्वर और मां नर्मदा की धार्मिक एवं पौराणिक महिमा का वर्णन किया. मुख्य निर्वाचन आयुक्त और उनके परिवार ने श्रद्धा के साथ इसका श्रवण किया. मंदिर की आध्यात्मिक परंपराओं और धार्मिक महत्व की जानकारी भी उन्हें दी गई.

23 साल पुराना संकल्प हुआ पूरा

दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में ज्ञानेश कुमार ने कहा कि वर्ष 2003 में उन्होंने देश के सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने का संकल्प लिया था. यह आध्यात्मिक यात्रा कई वर्षों तक जारी रही और अब ओंकारेश्वर में दर्शन एवं पूजन के साथ उनका यह संकल्प पूरा हो गया है. उन्होंने कहा कि यह पल उनके लिए बेहद भावुक और यादगार है.

अध्यात्म को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में अध्यात्म के लिए समय निकालना चाहिए. उनके अनुसार अध्यात्म व्यक्ति को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव देता है. उन्होंने लोगों से राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और भारतीय मूल्यों को मजबूत करने के लिए समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया.

प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के ओंकारेश्वर दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए थे. इस अवसर पर निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अलावा खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और अधिकारियों की मौजूदगी के बीच व्यवस्थित तरीके से दर्शन और आरती संपन्न हुई.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gyanesh Kumar Family, Chief Election Commissioner News, Omkareshwar Jyotirlinga, 12 Jyotirlinga Name, Madhya Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com