विज्ञापन

उज्जैन में आफत की बारिश: उफान पर शिप्रा नदी, घाट के कई मंदिर पानी में डूबे; उफनते नाले में बहे दो बाइक सवार

उज्जैन में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में गंभीर जलभराव देखने को मिला. लगातार बारिश की वजह से शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिससे घाटों पर बने कई मंदिर पानी में डूब गए.

उज्जैन में आफत की बारिश: उफान पर शिप्रा नदी, घाट के कई मंदिर पानी में डूबे; उफनते नाले में बहे दो बाइक सवार
शिप्रा नदी के घाटों पर बने कई मंदिर पानी में डूबे.

मध्य प्रदेश के उज्जैन में गुरुवार रात से शुरू हुई तेज बारिश ने एक बार फिर शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ा दिया है. लगातार हुई बारिश से घाटों पर स्थित कई छोटे मंदिर पानी में डूब गए. बढ़ते जल स्तर को देख प्रशासन ने सुरक्षा के चलते घाटों पर जाना प्रतिबंधित कर दिया. वहीं लगातार बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है.

शिप्रा का जल स्तर बढ़ा, घाटों के मंदिर हुए जलमग्न 

उज्जैन और आसपास के इलाकों में हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया है. किसानों को भी राहत मिली है, क्योंकि लंबे इंतजार के बाद अच्छी बारिश ने फसलों के लिए उम्मीदें बढ़ा दी हैं. गुरुवार से शुरू हुआ बारिश का दौर शुक्रवार सुबह तक जारी रहा, जिससे नदी-नाले भर गए और शिप्रा का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा और सुबह तक घाटों पर बने कई मंदिरों में पानी घुस गया. इसके चलते तर्पण, पूजन और अन्य धार्मिक गतिविधियों के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को रोक दिया गया. प्रशासन ने एहतियातन शिप्रा तैराक दल और होमगार्ड जवानों की तैनाती कर दी है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को रोका जा सके.

Ujjain Rain

Ujjain Rain: सड़कें जलमग्न

उफनते पानी में बहे दो बाइक सवार

वहीं गुरुवार की शाम हुई तेज बारिश में शहर भर में जल भराव की स्तिथि हो गई. ग्रामीण क्षेत्रों में दो जगह उफनते पानी में बाइक सवार बह गए. हालांकि एक की जान बच गई, जबकि दूसरे का पता शुक्रवार सुबह तक नहीं चल सका. दरअसल, गुरुवार शाम तेज बारिश से शहर के कई इलाकों में पानी भरने से लोग परेशान हो गए. नदी नाले भी उफान पर होने से बड़नगर रोड़ पर हादसा हो गया. यहां पंचायत के सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह सोनगरा बाइक सहित बह गए, जिनका शुक्रवार सुबह तक पता नहीं लग सका. खेड़ाखजुरिया मार्ग पर झालड़ा खाल की रपट पर एक युवक भी मोटरसाइकिल सहित तेज बहाव में बह गया. हालांकि वह बच गया.

बाइक मिली, सचिव का सुराग नहीं

इंगोरिया थाना प्रभारी दीपेश व्यास ने बताया कि गांवड़ी लोधा ग्राम पंचायत के सहायक सचिव सोनगरा गुरुवार शाम 7.30 बजे घर लौट रहे थे. इसी दौरान एक पुलिया पर पानी होने के बावजूद वह निकलने लगे, लेकिन बहाव इतना तेज था कि वे बाइक सहित बह गए. सूचना मिलते ही SDERF टीम मौके पर पहुंची. उनकी बाइक घटना स्थल से रात एक बजे 200 मीटर दूरी पर मिल गई,लेकिन रात में अंधेरे के कारण रेस्क्यू नहीं किया सका. शुक्रवार सुबह फिर रेस्क्यू किया, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली.

पेड़ पकड़कर बचाई जान

इधर, जगोटी-खेड़ाखजुरिया मार्ग पर झालड़ा खाल की रपट पर एक युवक भी मोटरसाइकिल सहित तेज बहाव में बह गया. मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार युवक ने बहते समय झाड़ियों और पेड़ का सहारा लेकर किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन उसकी बाइक पानी में बह गई.

प्रशासनिक ने लोगों से की अपील

शहर में कई मुख्य मार्गो और निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे वाहनों के आवागमन में परेशानी हुई. कई कॉलोनियों में नालियों का पानी सड़कों पर आ गया. कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश में उफनते नालों, रपटों और पुलियों को पार नहीं करें. लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है.

24 घंटे में करीब 2.8 इंच बारिश

जीवाजी वेधशाला के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार रात 8 बजे से शुक्रवार सुबह तक रुक-रुक कर हुई. बारिश करीब 2.8 इंच पानी दर्ज किया गया. वहीं मानसून सीजन की शुरुआत से अब तक जिले में करीब 12 इंच बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है. ऐसे में प्रशासन भी सतर्क है.

ये भी पढ़ें: दहेज प्रताड़ना केस: धार कोर्ट परिसर में बवाल, पेशी के दौरान दो पक्षों में मारपीट, क्रॉस FIR दर्ज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ujjain Rain, Ujjain News, Madhya Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com